विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन से दुर्ग का राज्योत्सव कार्यक्रम स्थगित

मंत्री गजेंद्र यादव ने दी जानकारी, राज्य स्तरीय और अन्य जिलों के आयोजन पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार होंगे
दुर्ग। अहिवारा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा के निधन के बाद दुर्ग जिले में आयोजित होने वाले राज्योत्सव के शासकीय कार्यक्रम को स्थगित कर दिया गया है। इस संबंध में प्रदेश के मंत्री गजेंद्र यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि विधायक के निधन के कारण यह निर्णय लिया गया है।
मंत्री ने स्पष्ट किया कि दुर्ग जिले का शासकीय राज्योत्सव कार्यक्रम फिलहाल आयोजित नहीं होगा, जबकि छत्तीसगढ़ का राज्य स्तरीय राज्योत्सव और प्रदेश के अन्य जिलों में होने वाले कार्यक्रम पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार जारी रहेंगे।
78 वर्ष की उम्र में हुआ विधायक का निधन
अहिवारा विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक डोमनलाल कोर्सेवाड़ा का शुक्रवार को 78 वर्ष की उम्र में निधन हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वे लंबे समय से फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित थे और हैदराबाद के यशोदा अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था।
राज्योत्सव के आयोजन में बदलाव
विधायक के निधन के बाद दुर्ग जिले में राज्योत्सव के तहत प्रस्तावित शासकीय आयोजन को स्थगित करने का फैसला लिया गया है। वहीं, प्रदेश के अन्य हिस्सों में राज्य स्थापना दिवस से जुड़े कार्यक्रम निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आयोजित किए जाएंगे।



