जगदलपुर में स्वच्छता को लेकर नगर निगम की सख्ती, कचरा फेंकने पर 10 हजार का जुर्माना

कचरा फेंकने वालों की सूचना देने वाले को मिलेगा 10 हजार रुपये का इनाम, पहचान रखी जाएगी गोपनीय
जगदलपुर। शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम ने एक अहम पहल की है। अब सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम की मेयर-इन-काउंसिल (एमआईसी) की बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार, सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकते पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति पर 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया जाएगा।
इस पहल की खास बात यह है कि कचरा फेंकने वालों की जानकारी नगर निगम को देने वाले जागरूक नागरिकों को भी 10 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा। सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी, ताकि लोग बिना किसी डर के स्वच्छता अभियान में सहयोग कर सकें।
महापौर ने की नागरिकों से सहयोग की अपील
महापौर संजय पांडे ने कहा कि शहर को स्वच्छ बनाए रखना केवल नगर निगम की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसमें आम नागरिकों की भागीदारी भी बेहद जरूरी है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कचरा नहीं फेंकने और दूसरों को भी स्वच्छता के प्रति जागरूक करने की अपील की।
नगर निगम की इस पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगेगा और शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।



