हमर छत्तीसगढ़

दंतेवाड़ा में बस्तर फाइटर्स के 128 पदों पर भर्ती, 2 नवंबर से आवेदन शुरू

स्थानीय युवाओं के लिए पुलिस विभाग में नौकरी पाने का सुनहरा अवसर, 12 दिसंबर शाम 5 बजे तक कर सकेंगे आवेदन

दंतेवाड़ा। छत्तीसगढ़ में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है। दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा जिले में बस्तर फाइटर्स (विशेष कार्यपालिक बल) के अंतर्गत फाइटर आरक्षक के 128 रिक्त पदों पर भर्ती निकाली गई है। जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी विज्ञापन के अनुसार, जिले के स्थानीय निवासी पात्र अभ्यर्थी इस भर्ती प्रक्रिया में शामिल हो सकते हैं।

भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया 2 नवंबर 2026 से शुरू होगी। इच्छुक अभ्यर्थी 12 दिसंबर 2026 को शाम 5 बजे तक आवेदन जमा कर सकेंगे। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त आवेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा।

अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए 93 पद

कुल 128 पदों में अनारक्षित वर्ग के लिए 7, अन्य पिछड़ा वर्ग के लिए 17, अनुसूचित जाति के लिए 11 तथा अनुसूचित जनजाति वर्ग के लिए सर्वाधिक 93 पद निर्धारित किए गए हैं।

यहां जमा कर सकेंगे आवेदन

अभ्यर्थी अपना आवेदन पुलिस अधीक्षक कार्यालय, जिला दंतेवाड़ा, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस कार्यालय किरंदुल तथा थाना गीदम में जमा कर सकते हैं। इसके अलावा पंजीकृत डाक के माध्यम से भी आवेदन भेजने की सुविधा दी गई है। डाक से आवेदन पुलिस अधीक्षक, जिला दक्षिण बस्तर दंतेवाड़ा, पिन कोड 494449 के पते पर भेजे जा सकते हैं।

शारीरिक परीक्षा और चयन प्रक्रिया

भर्ती के लिए शारीरिक मापदंड, शारीरिक दक्षता परीक्षा, लिखित परीक्षा और अन्य आवश्यक दिशा-निर्देश निर्धारित किए गए हैं। इनकी विस्तृत जानकारी जिले के सभी थाना, चौकी, पुलिस अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सूचना पटल पर उपलब्ध रहेगी।

वेबसाइट से प्राप्त करें विस्तृत जानकारी

भर्ती से संबंधित नियम, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी छत्तीसगढ़ पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट https://cgpolice.gov.in तथा दंतेवाड़ा पुलिस की वेबसाइट https://dantewada.cgpolice.gov.in पर देखी जा सकती है।

बस्तर फाइटर्स में भर्ती बस्तर क्षेत्र के स्थानीय युवाओं को पुलिस विभाग में सेवा करने का महत्वपूर्ण अवसर प्रदान करेगी। इच्छुक अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय पर आवेदन प्रक्रिया पूरी करें।

Show More

Related Articles

Back to top button