Dabur के कई प्रोडक्ट्स पर सख्त हुआ FSSAI, शहद, घी से लेकर तेल तक, 100% दावे वाले प्रोडक्ट्स की बिक्री तुरंत रोकने का आदेश

ऐसे कई प्रोडक्ट्स है, जिन पर 100 प्रतिशत शुद्ध होने का दावा किया जाता है. इसमें आमतौर पर घी, शहद या मक्खन जैसे प्रोडक्ट शामिल होते हैं. ऐसे प्रोडक्ट्स पर अक्सर लिखा आता है कि 100% Natural, 100% Pure या 100% Organic. भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण यानी FSSAI ने अब डाबर इंडिया को ऐसे कई प्रोडक्ट्स की बिक्री को तुरंत रोकने का आदेश दिया है, जिन पर 100% जैसे दावे किए जा रहे थे. नियामक का कहना है कि इस तरह के दावे उपभोक्ताओं को भ्रमित कर सकते हैं और मौजूदा नियमों के खिलाफ हैं.
डाबर के प्रोडक्ट्स पर FSSAI का एक्शन
FSSAI के अनुसार, डाबर की वेबसाइट पर कई प्रोडक्ट ऐसे मिले हैं, जिन पर 100% Natural, 100% Pure, 100% Purity Guaranteed, 100% Organic और 100% Tender Coconut Water जैसे दावे किए गए थे. इसमें यह प्रोडक्ट शामिल हैं-
- शहद
- एप्पल साइडर विनेगर
- वर्जिन कोकोनट ऑयल
- तिल का तेल
- देसी घी
- नारियल पानी
- कोकोनट मिल्क
- अन्य खाद्य उत्पाद
खाद्य नियामक FSSAI का कहना है कि FSS (Advertising & Claims) Regulations, 2018 के तहत 100% जैसे दावे स्पष्ट रूप से साबित नहीं किए जा सकते. ऐसे शब्द उपभोक्ताओं को यह विश्वास दिला सकते हैं कि प्रोडक्ट पूरी तरह शुद्ध या प्राकृतिक है, जबकि इसकी पुष्टि करना संभव नहीं होता है. ऐसे में इस तरह के दावों को नियमों का उल्लंघन माना गया है.
जांच के दौरान Dabur Himalayan Organic Apple Cider Vinegar और Dabur Organic Honey पर Jaivik Bharat Logo का इस्तेमाल भी पाया गया है. FSSAI का कहना है कि इन प्रोडक्ट्स पर वैध ऑर्गेनिक एंडोर्समेंट मौजूद नहीं था. ऐसे में यह भी नियमों के अनुरूप नहीं है. इसके अलावा जांच में यह भी सामने आया है कि Dabur Hommade Coconut Milk पर 100% Purity का दावा किया गया था. FSSAI के अनुसार, इस तरह के कंपाउंड फूड पर ऐसा दावा करना नियमों के तहत स्वीकार्य नहीं है.
FSSAI ने डाबर को निर्देश दिया है कि जिन उत्पादों पर 100% जैसे दावे किए गए हैं, उनकी बिक्री तुरंत बंद की जाए. साथ ही कंपनी को 15 दिनों के भीतर Action Taken Report (ATR) भी जमा करनी होगी, जिसमें कंपनी बताएगी कि उसने आदेश का पालन कैसे किया है.



