खेल जगत

Indian Cricketers at Mahakal Temple: बाबा महाकाल की शरण में पहुंचे युजवेंद्र चहल और नीतीश राणा, भस्म आरती में हुए शामिल

Ujjain News: भारतीय क्रिकेटर युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया समेत पांच खिलाड़ियों ने बुधवार तड़के उज्जैन के विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन किए। सभी खिलाड़ी सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और बाबा महाकाल की दिव्य भस्म आरती में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने नंदी हॉल में बैठकर करीब दो घंटे तक पूजा-अर्चना और मंत्र जाप किया।

भस्म आरती में लीन दिखे क्रिकेटर

युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा, राहुल तेवतिया, सुमित कुमार और अमित कुमार ने भस्म आरती के दौरान हाथ जोड़कर बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया। आरती के बाद खिलाड़ियों ने मंदिर की देहरी से दर्शन किए और पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजा की। मंदिर समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों का सम्मान भी किया गया।

चहल बोले- बाबा के दरबार में मिलती है सकारात्मक ऊर्जा

दर्शन के बाद युजवेंद्र चहल ने कहा कि करीब पांच महीने बाद दोबारा बाबा महाकाल के दरबार में आकर उन्हें अच्छा लगा। उन्होंने मंदिर के वातावरण की तारीफ करते हुए कहा कि यहां हर बार सकारात्मक ऊर्जा मिलती है। साथ ही उन्होंने श्रद्धालुओं के लिए की गई दर्शन व्यवस्थाओं को भी सराहा।

नीतीश राणा ने भी किए बाबा महाकाल के दर्शन

नीतीश राणा ने बताया कि वह पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन कर चुके हैं। जीवन में किसी परेशानी या दुविधा के समय वह यहां आकर भगवान का आशीर्वाद लेते हैं। खिलाड़ियों ने मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए किए गए इंतजामों की भी प्रशंसा की।

गणेश स्वरूप में हुआ बाबा महाकाल का श्रृंगार

भस्म आरती के अवसर पर बाबा महाकाल का विशेष गणेश स्वरूप में श्रृंगार किया गया। सुबह मंदिर के पट खुलने के बाद स्वस्ति वाचन और विधि-विधान से पूजा हुई। इसके बाद दूध, दही, घी, शक्कर, शहद और फलों के रस से पंचामृत अभिषेक किया गया।

भगवान को भांग, चंदन और सिंदूर से सजाया गया। इसके साथ ही रजत मुकुट, चांदी की मुंडमाल, रुद्राक्ष और पुष्पों की मालाएं अर्पित की गईं।

भस्म आरती के साथ गूंजे बाबा महाकाल के जयकारे

विशेष श्रृंगार के बाद भगवान को फल, मिष्ठान और ड्रायफ्रूट का भोग लगाया गया। कर्पूर आरती के बाद महानिर्वाणी अखाड़े की ओर से परंपरानुसार भस्म अर्पित की गई। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और मंदिर परिसर बाबा महाकाल के जयकारों से गूंज उठा।

Show More

Related Articles

Back to top button