हमर छत्तीसगढ़

Breaking news : डोंगरगढ़ भाजपा में बड़ा सियासी भूचाल, 111 कार्यकर्ताओं का सामूहिक इस्तीफा

डोंगरगढ़। राजनांदगांव जिले के डोंगरगढ़ में भारतीय जनता पार्टी को बड़ा राजनीतिक झटका लगा है। डोंगरगढ़ शहर भाजपा मंडल के 111 कार्यकर्ताओं ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से सामूहिक इस्तीफा दे दिया है। इस घटनाक्रम के बाद जिले की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।

सामूहिक इस्तीफे के पीछे शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना के कार्यशैली को लेकर नाराजगी को प्रमुख कारण बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर भाजपा जिलाध्यक्ष, राजनांदगांव के नाम संबोधित इस्तीफा पत्र भी सामने आया है, जिसमें संगठन में गुटबाजी, परिवारवाद और निष्ठावान कार्यकर्ताओं की उपेक्षा जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। इस्तीफा पत्र में आरोप लगाया गया है कि मंडल अध्यक्ष प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती तथा कुछ व्यापारिक नेताओं के प्रभाव में निर्णय लेते हैं। साथ ही कुछ लोगों को एक से अधिक पदों की अनुशंसा कर समर्पित कार्यकर्ताओं की अनदेखी किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।

पत्र में यह भी कहा गया है कि संगठन में परिवारवाद को बढ़ावा दिया जा रहा है और लंबे समय से पार्टी के लिए कार्य कर रहे कार्यकर्ताओं को हाशिए पर धकेला जा रहा है। इसी कारण आहत होकर सभी कार्यकर्ताओं ने प्राथमिक सदस्यता से त्यागपत्र देने का निर्णय लिया। बताया जा रहा है कि संगठन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाने वाले कुछ कार्यकर्ताओं को पहले नोटिस भी जारी किए गए थे। अब वही असंतुष्ट कार्यकर्ता इस सामूहिक इस्तीफे का नेतृत्व कर रहे हैं, जिससे डोंगरगढ़ भाजपा में अंदरूनी असंतोष खुलकर सामने आ गया है।

हालांकि, इस्तीफा पत्र में लगाए गए आरोप संबंधित कार्यकर्ताओं के हैं। शहर मंडल अध्यक्ष जसमीत सिंह बन्नोआना, प्रदेश भाजपा उपाध्यक्ष रामजी भारती, भाजपा जिलाध्यक्ष कोमल सिंह राजपूत तथा भाजपा संगठन की ओर से इस मामले में अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Show More

Related Articles

Back to top button