सिर्फ 3 चीजों से घर पर बनाएं बाजार जैसी पिस्ता कतली, नोट करें आसान रेसिपी

सावन आते ही त्योहारों का सीजन शुरू हो जाता है। अगस्त से लेकर सितंबर तक की बात करें तो रक्षाबंधन, तीज और जन्माष्टमी जैसे कई फेस्टिवल्स मनाए जाते हैं। इन त्योहारों की खुशी मिठास में ही छिपी होती है। वैसे तो बाजार में कई तरह की मिठाइयां मिल जाती हैं, लेकिन घर पर बनी मिठाइयों की बात ही अलग होती है।
आमतौर पर आपने घरों में भी काजू कतली ही बनाई होगी, लेकिन इस बार आप पिस्ता कतली ट्राई कर सकती हैं। बाजार में यह मिठाई 2000 रुपये से कम में नहीं मिलती है, लेकिन आप इसे घर पर 500 से 600 रुपये तक में बना सकती हैं।
पिस्ता कतली बनाने में क्या सामान लगेंगे?
खास बात तो यह है कि पिस्ता कतली बनाने में आपको ज्यादा किसी सामान की जरूरत भी नहीं पड़ेगी। आप तीन जरूरी चीजें मिलाकर बाजार जैसी स्वादिष्ट और मुलायम पिस्ता कतली बना सकती हैं। अगर चाहें तो हल्का हरा रंग देने के लिए 1-2 बूंद ग्रीन फूड कलर भी डाल सकती हैं, लेकिन यह पूरी तरह से ऑप्शनल है। आइए जानते हैं इसकी आसान रेसिपी-
-1785560360971.webp)
घर पर कैसे बनाएं बाजार जैसी पिस्ता कतली?
काजू कतली की तरह ही आप पिस्ता कतली भी बहुत आसान रेसिपी से बना सकती हैं। वो भी एकदम बाजार जैसी। इसे बनाने के लिए आप ये स्टेप्स फॉलो करें-
- सबसे पहले बिना नमक वाले पिस्ता और काजू को अलग-अलग मिक्सर में बारीक पीस लें। ध्यान रखें कि इन्हें ज्यादा देर तक न पीसें, नहीं तो इनमें मौजूद तेल निकलने लगेगा और यह मिक्सचर पेस्ट जैसा हो जाएगा।
- अब एक ऐसी कड़ाही में निकालें जो थोड़ा गहरा हो। इसके बाद इसी कड़ाही में चीनी और आधा कप पानी डालकर मीडियम फ्लेम पर गर्म करें। चीनी पूरी तरह घुल जाए तो इसे तब तक पकाएं, जब तक एक तार वाली चाशनी तैयार न हो जाए। इसके लिए आपको बहुत ज्यादा गाढ़ी चाशनी बनाने की जरूरत नहीं है।
- इसके बाद अब चाशनी में पिसा हुआ पिस्ता और काजू डाल दें। इसे लगातार चलाते हुए अच्छी तरह से मिला लें, ताकि इसमें गुठलियां न बनें। अगर आप इसे थोड़ा ग्रीन कलर देना चाहती हैं, तो इस समय 1-2 बूंद ग्रीन फूड कलर भी डाल सकती हैं।
- अब इसमें 2 बड़े चम्मच प्योर घी डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते हुए पकाएं। कुछ ही मिनट में मिश्रण गाढ़ा होकर एक जगह इकट्ठा होने लगेगा और कड़ाही छोड़ने लगेगा। यही सही समय है, आप गैस बंद कर दें।
- इसे अब एक प्लेट या ट्रे पर निकाल लें। ध्यान रहे कि इसमें थोड़ा सर घी जरूर लगा लें और अब मिश्रण को चिकना कर लें। तैयार मिश्रण को उसमें निकालकर स्पैचुला या बेलन की मदद से लगभग आधा सेंटीमीटर मोटाई में फैला दें।
- अगर चाहें तो ऊपर से चांदी का वर्क भी लगा सकती हैं। इसके बाद इसे 20 से 30 मिनट तक ठंडा होने के लिए रख दें। जब यह पूरी तरह से सेट हो जाए, तब चाकू से डायमंड शेप या अपनी पसंद के शेप में काट लें।
- आपकी घर पर बनी स्वादिष्ट पिस्ता कतली तैयार है। यकीन मानिए अगर आप इसे मेहमानों को सर्व करेंगी तो कोई भी यह नहीं जान पाएगा कि इसे घर पर बनाया गया है।
कैसे करें सर्व?
पिस्ता कतली को आप मेहमानों का मुंह मीठा कराने के लिए सर्व कर सकती हैं। रक्षाबंधन, तीज, जन्माष्टमी या किसी भी खास मौके पर यह मिठाई बना सकती हैं। स्टोर करने के लिए आप इसे एयरटाइट डिब्बे में ही रखें। इससे यह कई दिनों तक फ्रेश बनी रहेगी।
तो अगर आप भी बाजार जैसी मिठाई घर पर बनाना चाहती हैं तो काजू कतली की जगह पिस्ता कतली बना सकती हैं।



