डिप्टी CM के जन्मदिन पर जाम से जूझा बिलासपुर, जनता परेशान

- पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के चलते चरमराई यातायात व्यवस्था, अग्रसेन चौक से सत्यम चौक और मगरपारा रोड तक वाहन चालकों को हुई परेशानी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के उप मुख्यमंत्री अरुण साव के जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो गई। जन्मदिन के जश्न और आयोजन की तैयारियों के बीच आम नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। शहर की प्रमुख सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और लोग घंटों तक जाम में फंसे रहे।
जानकारी के अनुसार पुलिस ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम के चलते प्रशासन ने संबंधित मार्ग को आम लोगों के आवागमन के लिए बंद कर दिया था। हालांकि सड़क बंद करने और यातायात डायवर्ट करने की सूचना आम नागरिकों तक समय रहते नहीं पहुंचाई गई। इसके कारण रोजमर्रा के काम और जरूरी कार्यों से निकले लोगों को अचानक रास्ता बंद मिलने से परेशानी उठानी पड़ी।
प्रमुख चौकों पर वाहनों की लंबी कतारें
कार्यक्रम के चलते अग्रसेन चौक, सत्यम चौक और मगरपारा रोड पर यातायात का दबाव काफी बढ़ गया। देखते ही देखते इन मार्गों पर दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। कई लोग जरूरी काम छोड़कर जाम खुलने का इंतजार करते नजर आए। जाम में फंसे वाहन चालकों और आम नागरिकों में प्रशासनिक व्यवस्था को लेकर नाराजगी भी दिखाई दी।
वैकल्पिक मार्गों की जानकारी नहीं मिलने से बढ़ी परेशानी
इतने बड़े आयोजन के बावजूद यातायात प्रबंधन को लेकर पर्याप्त तैयारियां नहीं दिखाई दीं। लोगों का कहना था कि यदि पहले से मार्ग परिवर्तन की सूचना दी जाती और वैकल्पिक रास्तों की जानकारी सार्वजनिक की जाती, तो इस तरह की स्थिति से बचा जा सकता था। अचानक रास्ता बंद होने से शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित हुआ।
वीआईपी आयोजनों में आम जनता की सुविधा पर सवाल
इस घटना ने एक बार फिर वीआईपी आयोजनों के दौरान आम नागरिकों की सुविधाओं और प्रशासनिक तैयारियों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के साथ यातायात व्यवस्था बनाए रखना भी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। जन्मदिन का जश्न और कार्यक्रम अपनी जगह है, लेकिन इसके कारण आम लोगों को घंटों परेशान होना पड़े, यह व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।



