छत्तीसगढ़ में धान खरीदी ने पकड़ी रफ्तार, अब तक 2.78 लाख मीट्रिक टन की खरीदी

रायपुर । मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का कार्य तेजी से जारी है। किसानों की सुविधा को प्राथमिकता देते हुए राज्य सरकार ने इस वर्ष ऑनलाइन टोकन प्रणाली के साथ खरीदी केंद्रों की संख्या में भी विस्तार किया है। अब तक प्रदेश में 2 लाख 78 हजार मीट्रिक टन से अधिक धान की खरीदी की जा चुकी है।
किसानों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से इस वर्ष 360 नए धान उपार्जन केंद्र बनाए गए हैं। वर्तमान में प्रदेश के 2,461 उपार्जन केंद्रों में धान की आवक शुरू हो चुकी है। वहीं किसानों की ओर से ऑनलाइन टोकन प्रणाली का भी व्यापक उपयोग किया जा रहा है। अब तक 5 लाख से अधिक टोकन जारी किए जा चुके हैं।
70 हजार से अधिक किसानों ने बेचा धान
23 नवंबर तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के 70 हजार 979 किसानों से कुल 2 लाख 78 हजार 010 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। वहीं, 23 नवंबर को एक ही दिन में 63 हजार 074 मीट्रिक टन धान का उपार्जन किया गया। खरीदी के इन आंकड़ों से प्रदेश में धान उपार्जन की गति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
3,100 रुपये प्रति क्विंटल मिल रहा समर्थन
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा है कि किसानों की मेहनत का सम्मान करना और उनकी उपज का उचित मूल्य सुनिश्चित करना राज्य सरकार की प्रतिबद्धता है। प्रदेश में किसानों से प्रति एकड़ 21 क्विंटल तक धान की खरीदी 3,100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से की जा रही है।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि धान खरीदी के दौरान किसानों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। सभी उपार्जन केंद्रों में आवश्यक सुविधाएं और व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि किसान आसानी से अपनी उपज बेच सकें।
ऑनलाइन टोकन प्रणाली से किसानों को सुविधा
राज्य सरकार ने धान खरीदी प्रक्रिया को पारदर्शी, सरल और सुविधाजनक बनाने के लिए ऑनलाइन टोकन व्यवस्था लागू की है। इसके माध्यम से किसान घर बैठे ही धान विक्रय के लिए अपनी तिथि निर्धारित कर सकते हैं। इससे उपार्जन केंद्रों में अनावश्यक भीड़ कम करने और किसानों का समय बचाने में मदद मिल रही है।
राज्य सरकार का प्रयास है कि धान खरीदी अभियान के दौरान प्रत्येक किसान को सुविधाजनक व्यवस्था मिले और उनकी उपज का भुगतान निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर हो सके।



