भारत

राहुल गांधी को सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत, आय से अधिक संपत्ति मामले में हाई कोर्ट का आदेश रद्द

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी को कथित आय से अधिक संपत्ति के मामले में सुप्रीम कोर्ट से बड़ी राहत मिली है। शीर्ष अदालत ने इलाहाबाद हाई कोर्ट के उस आदेश को निरस्त कर दिया है, जिसमें केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) को राहुल गांधी के खिलाफ लगाए गए आरोपों की जांच करने के निर्देश दिए गए थे।

सुप्रीम कोर्ट ने स्पष्ट किया कि इस मामले में राहुल गांधी का पक्ष सुने बिना आगे कोई निर्णय नहीं लिया जाना चाहिए। अदालत के आदेश के बाद अब इलाहाबाद हाई कोर्ट सभी संबंधित कानूनी पहलुओं पर नए सिरे से सुनवाई करेगा।

राहुल गांधी की याचिका पर सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई

बुधवार को मुख्य न्यायाधीश सूर्य कांत, न्यायमूर्ति जॉयमाल्य बागची और न्यायमूर्ति वी. मोहना की पीठ ने राहुल गांधी की याचिका पर सुनवाई की। अदालत ने कहा कि बीजेपी कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर की ओर से दाखिल याचिका की स्वीकार्यता समेत सभी कानूनी सवालों पर राहुल गांधी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर मिलना चाहिए।

बीजेपी कार्यकर्ता ने लगाए थे आय से अधिक संपत्ति के आरोप

दरअसल, कर्नाटक के बीजेपी कार्यकर्ता विग्नेश शिशिर ने आरोप लगाया था कि राहुल गांधी की संपत्ति उनकी ज्ञात आय के स्रोतों से अधिक है। इसी शिकायत के आधार पर इलाहाबाद हाई कोर्ट में याचिका दाखिल की गई थी।

मई में हाई कोर्ट ने निर्देश दिया था कि यदि संबंधित शिकायत जांच एजेंसियों को मिली है तो आरोपों की कानून के मुताबिक जांच की जाए। इसके बाद CBI और ED से मामले में उठाए गए कदमों की जानकारी भी मांगी गई थी।

20 जुलाई को हुई सुनवाई के दौरान हाई कोर्ट ने CBI की ओर से दाखिल हलफनामे पर असंतोष जताया था। वहीं, ED को भी मामले में आवश्यक कानूनी कदम उठाने की छूट दी गई थी। इसके बाद राहुल गांधी ने हाई कोर्ट के आदेश को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी।

कपिल सिब्बल ने शिकायतकर्ता की मंशा पर उठाए सवाल

सुप्रीम कोर्ट में राहुल गांधी की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता कपिल सिब्बल ने दलील दी कि इस तरह की कार्यवाही का कोई ठोस कानूनी आधार नहीं है। उन्होंने शिकायतकर्ता की याचिका दाखिल करने की पात्रता और उसकी मंशा पर भी सवाल उठाए। सिब्बल ने दलील दी कि इस प्रक्रिया के जरिए राहुल गांधी को निशाना बनाया जा रहा है।

इससे पहले 17 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट ने मामले में नोटिस जारी करते हुए इलाहाबाद हाई कोर्ट की आगे की कार्यवाही पर रोक लगा दी थी। साथ ही CBI और ED को हाई कोर्ट में जांच संबंधी रिपोर्ट दाखिल नहीं करने का निर्देश दिया था।

अब सुप्रीम कोर्ट के ताजा आदेश के बाद इलाहाबाद हाई कोर्ट में नए सिरे से सुनवाई होगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई हाई कोर्ट के फैसले पर निर्भर करेगी।

Show More

Related Articles

Back to top button