हमर छत्तीसगढ़

धमतरी के 100 युवाओं ने रायपुर में जाना तकनीक और रोजगार का नया स्वरूप

धमतरी । जिले के युवाओं को आधुनिक तकनीक, नवाचार, उद्यमिता और रोजगार के नए अवसरों से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा विशेष पहल की गई। इसके तहत 100 युवा एम्बेसडर्स और 10 फैकल्टी सदस्यों का रायपुर स्थित प्रमुख शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों का एक्सपोजर विजिट कराया गया। इस भ्रमण में जिले के विभिन्न महाविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया।

इस शैक्षणिक भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों ने राष्ट्रीय प्रौद्योगिकी संस्थान (एनआईटी) रायपुर के एआई सेंटर और विभिन्न तकनीकी प्रयोगशालाओं का अवलोकन किया। यहां उन्हें आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, अनुसंधान, नवाचार और आधुनिक तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उपलब्ध संभावनाओं की जानकारी दी गई।

इसके अलावा विद्यार्थियों ने इनोव8, कुर्सी को-वर्किंग सेंटर, वर्की को-वर्किंग सेंटर, बीपीओ संस्थानों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का भी भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने संस्थानों की कार्यप्रणाली, स्टार्टअप संचालन और व्यावसायिक गतिविधियों को नजदीक से समझा।

स्टार्टअप और रोजगार की बारीकियों से हुए परिचित

भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को बताया गया कि किसी नए विचार को स्टार्टअप के रूप में कैसे विकसित किया जाता है और उसे व्यवसाय में कैसे बदला जा सकता है। बीपीओ एवं अन्य संस्थानों में कार्यस्थल का वातावरण, टीमवर्क, संचार कौशल, तकनीकी दक्षता और विभिन्न पदों के लिए आवश्यक शैक्षणिक योग्यता की जानकारी भी दी गई।

विद्यार्थियों ने जाना कि वर्तमान प्रतिस्पर्धात्मक दौर में रोजगार प्राप्त करने के लिए किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव और तकनीकी कौशल भी जरूरी हैं।

करियर की दिशा तय करने में मिलेगी मदद

कलेक्टर अबिनाश मिश्रा ने कहा कि युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ आधुनिक तकनीक, नवाचार और उद्योग जगत की कार्यप्रणाली का व्यावहारिक अनुभव मिलना आवश्यक है। इसी उद्देश्य से जिले के 100 विद्यार्थियों को रायपुर के प्रतिष्ठित शैक्षणिक एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण कराया गया।

उन्होंने कहा कि एनआईटी रायपुर के एआई सेंटर और प्रयोगशालाओं के अवलोकन से विद्यार्थियों को तकनीकी शिक्षा एवं अनुसंधान की नई संभावनाओं को जानने का अवसर मिला। वहीं स्टार्टअप और बीपीओ संस्थानों के भ्रमण से उन्हें रोजगार की वास्तविक परिस्थितियों और आवश्यक कौशल की समझ विकसित करने में मदद मिली।

कलेक्टर ने बताया कि आगामी भ्रमण में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों को प्राथमिकता देते हुए संबंधित संस्थानों का भ्रमण कराया जाएगा।

अगले समूह का भ्रमण भी जल्द

जिला प्रशासन की इस पहल का उद्देश्य युवाओं को शिक्षा और रोजगार के बीच व्यावहारिक संबंध से जोड़ना है। बड़े संस्थानों और कंपनियों का प्रत्यक्ष अनुभव मिलने से विद्यार्थी अपनी रुचि और क्षमता को पहचान सकेंगे तथा भविष्य के करियर के लिए बेहतर तैयारी कर पाएंगे।

जिला प्रशासन के अनुसार, अगले समूह का रायपुर भ्रमण भी जल्द आयोजित किया जाएगा। चरणबद्ध तरीके से जिले के अधिकाधिक विद्यार्थियों को ऐसे शैक्षणिक एवं औद्योगिक एक्सपोजर विजिट का अवसर उपलब्ध कराया जाएगा।

Show More

Related Articles

Back to top button