Varanasi Cricket Stadium: काशी का अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार, जय शाह ने लिया जायजा; 2 दिसंबर को PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन

वाराणसी। पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। वाराणसी के राजातालाब स्थित गंजारी में बनकर तैयार अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम अब बड़े मुकाबलों की मेजबानी के लिए तैयार है। बुधवार को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) के चेयरमैन जय शाह ने स्टेडियम पहुंचकर करीब 1 घंटा 57 मिनट तक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मैदान से लेकर खिलाड़ियों की सुविधाओं और दर्शकों की व्यवस्थाओं तक का जायजा लिया।
जय शाह ने परखी स्टेडियम की तैयारियां
निरीक्षण के दौरान जय शाह ने क्रिकेट मैदान, पिच, आउटफील्ड और जल निकासी व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दर्शक दीर्घा में बैठकर कुर्सियों की गुणवत्ता और दर्शकों को मिलने वाली सुविधाओं को भी परखा। इसके अलावा खिलाड़ियों के ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर, प्रसारण केंद्र, कैमरा प्वाइंट और प्रवेश-निकास व्यवस्था की भी जानकारी ली।
दूसरी बार ICC चेयरमैन बनने के बाद पहला काशी दौरा
दूसरी बार निर्विरोध ICC चेयरमैन चुने जाने के बाद जय शाह का यह पहला वाराणसी दौरा था। उनके इस निरीक्षण को स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों की शुरुआत की तैयारियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
15 दिनों में लगेंगे सोलर पैनल
स्टेडियम में बिजली की खपत और डीजल जनरेटर पर होने वाले खर्च को कम करने के लिए जय शाह ने सोलर पैनल लगाने का सुझाव दिया। इसके लिए उत्तर प्रदेश नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा विकास अभिकरण (UPNEDA) की ओर से काम किया जा रहा है। लक्ष्य है कि अगले 15 दिनों के भीतर सोलर पैनल लगाने का काम पूरा कर लिया जाए।
2 दिसंबर को PM मोदी कर सकते हैं उद्घाटन
गंजारी स्टेडियम के उद्घाटन को लेकर भी तैयारियां तेज हैं। संभावना जताई जा रही है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने वाराणसी दौरे के दौरान 2 दिसंबर को इस स्टेडियम का उद्घाटन कर सकते हैं। हालांकि, इसे लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने 23 सितंबर 2023 को इस परियोजना की आधारशिला रखी थी। अब स्टेडियम का निर्माण पूरा होने के बाद पूर्वांचल के क्रिकेट प्रेमियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के मुकाबले अपने शहर में देखने का मौका मिल सकेगा।
450 करोड़ की लागत से बना है महादेव थीम वाला स्टेडियम
करीब 450 करोड़ रुपये की लागत से तैयार इस स्टेडियम की सबसे बड़ी खासियत इसकी अनूठी बनावट है। इसका वास्तुशिल्प भगवान शिव की थीम पर आधारित है। स्टेडियम में डमरू के आकार का मीडिया सेंटर और त्रिशूल जैसी आकृति वाले फ्लड लाइट टावर बनाए गए हैं।
इसकी दर्शक क्षमता करीब 30 हजार है। आधुनिक सुविधाओं से लैस यह स्टेडियम खेल के साथ काशी की सांस्कृतिक और आध्यात्मिक पहचान को भी प्रदर्शित करता है।
दिसंबर में कूच बिहार ट्रॉफी से शुरू होंगे मुकाबले
अंतरराष्ट्रीय मैचों से पहले गंजारी स्टेडियम में घरेलू क्रिकेट मुकाबलों के जरिए व्यवस्थाओं को परखा जाएगा। इसके लिए प्रतिष्ठित कूच बिहार ट्रॉफी के दो मैच आवंटित किए गए हैं।
- 3 से 6 दिसंबर: उत्तर प्रदेश बनाम पुडुचेरी
- 11 से 14 दिसंबर: उत्तर प्रदेश बनाम छत्तीसगढ़
इन मुकाबलों के सफल आयोजन के बाद अगले साल से यहां अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैचों की मेजबानी शुरू होने की उम्मीद है। इससे वाराणसी और आसपास के क्षेत्रों में क्रिकेट को नया प्रोत्साहन मिलने के साथ खेल पर्यटन को भी बढ़ावा मिल सकता है।



