हमर छत्तीसगढ़

तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति को मिली बड़ी जिम्मेदारी, यात्री सुविधाओं पर रहेगी विशेष नजर

तिल्दा-नेवरा। तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन सलाहकार समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में तिल्दा रेलवे स्टेशन के मुख्य स्टेशन प्रबंधक सुमन झा ने नव नियुक्त सलाहकार समिति के सभी सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि समिति के सदस्यों को यात्रियों से जुड़ी समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए उन्हें रेलवे अधिकारियों तक पहुंचाने और उनके निराकरण के लिए सकारात्मक प्रयास करना चाहिए।

मुख्य स्टेशन प्रबंधक सुमन झा ने सभी सदस्यों से आपसी समन्वय के साथ कार्य करने की अपील की, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने स्टेशन की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए सभी सदस्यों को तिल्दा-नेवरा रेलवे स्टेशन का सर्वे भी कराया।

सर्वे के दौरान पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय, बैठने की व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, प्लेटफॉर्म, यात्री शेड, टिकट व्यवस्था, पार्किंग सहित अन्य यात्री सुविधाओं को लेकर चर्चा की गई। साथ ही यात्रियों की प्रमुख समस्याओं और आवश्यक सुविधाओं को चिन्हित कर रेलवे के संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखने पर जोर दिया गया।
समिति के सदस्यों ने कहा कि रेलवे स्टेशन पर आने वाले यात्रियों की सुविधा और उनकी समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता रहेगी। यात्रियों से प्राप्त सुझाव एवं शिकायतों को उचित माध्यम से रेलवे प्रशासन तक पहुंचाकर समाधान कराने का हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

बैठक एवं स्टेशन सर्वे के दौरान सलाहकार समिति के सदस्य रमेश अग्रवाल, नरेश जेतवानी, मनीष कोटवानी, दुर्गेश वर्मा एवं सनत सेन उपस्थित रहे। इस दौरान मुख्य स्टेशन प्रबंधक सुमन झा ने समिति के सदस्यों के साथ स्टेशन की विभिन्न व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। सलाहकार समिति के गठन से यात्रियों की आवाज रेलवे प्रशासन तक पहुंचने और तिल्दा-नेवरा स्टेशन की यात्री सुविधाओं में बेहतर सुधार की उम्मीद बढ़ी है।

Show More

Related Articles

Back to top button