भारत

अब मोबाइल पर मिलेगी बिजली की हर यूनिट की जानकारी, ऐप से बिल में 15% तक बचत का मौका

अलीगढ़। बिजली का बिल कितना आएगा, खपत अचानक क्यों बढ़ गई और घर में कौन सा उपकरण सबसे ज्यादा बिजली इस्तेमाल कर रहा है, इन सवालों का जवाब अब उपभोक्ता अपने मोबाइल पर पा सकते हैं। डिजिटल सुविधा के जरिए बिजली मीटर की रीडिंग और रोजाना की खपत पर नजर रखना आसान हो गया है। अलीगढ़ के करीब साढ़े सात लाख बिजली उपभोक्ताओं के लिए बिल और यूनिट खपत से जुड़ी जानकारी ऑनलाइन उपलब्ध है।

उत्तर प्रदेश पावर कॉरपोरेशन के यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप और स्मार्ट मीटर उपभोक्ताओं के लिए यूपीपीसीएल कंज्यूमर स्मार्ट ऐप के माध्यम से बिजली खर्च का ब्योरा देखा जा सकता है। ऐप पर लॉग-इन करने के बाद उपभोक्ता जान सकते हैं कि किस दिन और किस समय सबसे ज्यादा बिजली खर्च हुई। इससे खपत बढ़ने की वजह समय रहते समझने और अनावश्यक बिजली खर्च रोकने में मदद मिल सकती है।

मोबाइल ऐप से 10 से 15 प्रतिशत तक बचत का दावा

ऊर्जा दक्षता ब्यूरो (बीईई) और राष्ट्रीय स्मार्ट ग्रिड मिशन के अध्ययनों के अनुसार, जो उपभोक्ता मोबाइल ऐप के जरिए अपनी दैनिक बिजली खपत पर नियमित नजर रखते हैं, वे अपनी आदतों में बदलाव करके बिजली की खपत और बिल में 10 से 15 प्रतिशत तक बचत कर सकते हैं।

ऐप पर उपलब्ध खपत के ग्राफ से यह पता लगाया जा सकता है कि बिजली का इस्तेमाल कब ज्यादा हुआ। अगर किसी दिन खपत अचानक बढ़ती है तो उपभोक्ता इसकी वजह तलाश सकते हैं। इससे एसी, गीजर, हीटर और अन्य ज्यादा बिजली इस्तेमाल करने वाले उपकरणों की पहचान करना आसान हो सकता है।

शहर में 60 प्रतिशत उपभोक्ता कर रहे ऑनलाइन भुगतान

बिजली बिल जमा करने के लिए भी डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल बढ़ रहा है। अलीगढ़ शहर में करीब 60 प्रतिशत उपभोक्ता ऑनलाइन भुगतान कर रहे हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में लगभग 30 प्रतिशत उपभोक्ता इस सुविधा का इस्तेमाल कर रहे हैं।

अधीक्षण अभियंता अंशुमान यादव के मुताबिक, उपभोक्ता ऐप के जरिए घर बैठे बिजली बिल, यूनिट खपत और भुगतान का विवरण देख सकते हैं। खपत बढ़ने पर ग्राफ से इसकी जानकारी मिल जाती है। नियमित निगरानी करके अनावश्यक बिजली खर्च रोका जा सकता है और बिल में 15 प्रतिशत तक बचत की जा सकती है।

बिजली उपभोक्ताओं को ऐप से मिलेंगी ये सुविधाएं

  • बिल की जानकारी: वर्तमान और पुराने बिजली बिल मोबाइल पर देख सकेंगे।
  • यूनिट खपत का रिकॉर्ड: कितनी बिजली इस्तेमाल हुई, इसकी पूरी जानकारी मिलेगी।
  • खपत का ग्राफ: अलग-अलग दिनों और समय की बिजली खपत की तुलना कर सकेंगे।
  • बिल बढ़ने की वजह: अचानक खपत बढ़ने पर ग्राफ के जरिए बदलाव पहचान सकेंगे।
  • ऑनलाइन भुगतान: बिजलीघर या बिल जमा केंद्र जाए बिना बिल भर सकेंगे।
  • मीटर रीडिंग की निगरानी: मीटर रीडिंग और बिल में अंतर होने पर समय रहते जानकारी जुटा सकेंगे।

48,737 उपभोक्ताओं ने डाउनलोड किया ऐप

अलीगढ़ शहर में अब तक 1,93,224 स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इनमें से 34,607 उपभोक्ताओं ने स्मार्ट मीटर से संबंधित ऐप डाउनलोड किया है। जोन के आंकड़ों के मुताबिक, ईयूडीसी अलीगढ़ में 34,607, ईडीसी प्रथम में 9,476 और ईडीसी द्वितीय में 4,654 उपभोक्ताओं ने ऐप डाउनलोड किया है। तीनों क्षेत्रों को मिलाकर ऐप डाउनलोड करने वालों की संख्या 48,737 हो गई है।

सामान्य और स्मार्ट मीटर के लिए अलग-अलग ऐप

बिजली उपभोक्ताओं को अपने मीटर के हिसाब से सही ऐप डाउनलोड करना होगा। सामान्य बिजली मीटर वाले उपभोक्ता गूगल प्ले स्टोर से ‘यूपीपीसीएल कंज्यूमर ऐप’ डाउनलोड कर सकते हैं।

वहीं, स्मार्ट प्रीपेड और पोस्टपेड मीटर इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं के लिए ‘यूपीपीसीएल कंज्यूमर स्मार्ट ऐप’ उपलब्ध है। सही ऐप के जरिए उपभोक्ता अपने बिजली कनेक्शन की जानकारी, बिल और खपत का रिकॉर्ड देख सकते हैं। नियमित रूप से खपत पर नजर रखने से बिजली की बर्बादी कम करने और बिल नियंत्रित रखने में मदद मिल सकती है।

Show More

Related Articles

Back to top button