हमर छत्तीसगढ़

संविधान केवल पुस्तक नहीं, राष्ट्र प्रथम की विचारधारा का प्राण है : कर्मवीर सिंह

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने कहा कि भारतीय संविधान देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था का आधार होने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण की प्रेरणा भी है। संविधान गौरव दिवस हमें संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर और संविधान सभा के सभी महान विभूतियों के योगदान को स्मरण करने तथा उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर प्रदान करता है।

गुरुवार को कुशाभाऊ ठाकरे परिसर स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित संविधान गौरव दिवस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कर्मवीर सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए संविधान महज एक पुस्तक नहीं, बल्कि राष्ट्र प्रथम की विचारधारा का प्राण है। संविधान की प्रस्तावना में उल्लेखित न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व के मूल्यों को व्यवहार में उतारना हम सभी का दायित्व है। इसी उद्देश्य से पार्टी सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के संकल्प के साथ निरंतर कार्य कर रही है।

उन्होंने कहा कि संगठन के कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी केवल संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें अपने मौलिक कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा से निर्वहन करना चाहिए। राष्ट्र के प्रति समर्पण और संविधान के आदर्शों का पालन ही एक सशक्त लोकतंत्र की पहचान है।

कार्यक्रम के दौरान भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर बाबासाहेब के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान को याद किया गया।

इस दौरान प्रदेश महामंत्री अखिलेश सोनी एवं डॉ. नवीन मार्कंडेय, प्रदेश कोषाध्यक्ष राम गर्ग, भाजपा नेत्री श्वेता शर्मा सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button