भारत

खड़गे ने मंच से इमरान मसूद को दी नसीहत, बोले- बयानबाजी से ज्यादा मिलकर काम करने की जरूरत

लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर जारी खींचतान के बीच कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने अपनी ही पार्टी के सांसद इमरान मसूद को सार्वजनिक मंच से संयम बरतने की नसीहत दी है। लखनऊ में आयोजित संविधान रक्षा मार्च के दौरान खड़गे ने मसूद का नाम लेकर कहा कि पार्टी नेताओं को बयानबाजी से ज्यादा संगठन के लिए मिलकर काम करने पर ध्यान देना चाहिए।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में आयोजित सभा को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि वह कभी-कभी टीवी पर इमरान मसूद को पूरे जोश के साथ अपनी बात रखते हुए सुनते हैं। उन्होंने कहा, “हमको बातों से ज्यादा काम भी करना है। इसलिए हम लोग जितना मिलकर काम करेंगे, उतना ही आगे बढ़ेंगे।”

खड़गे ने मसूद की सक्रियता और पार्टी के लिए उनके संघर्ष का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मसूद संसद में हैं और हमेशा पार्टी के लिए लड़ते हैं। अपनी बात मनवाने के लिए भी प्रयास करते हैं, लेकिन संगठन की मजबूती के लिए सभी नेताओं को एकजुट होकर काम करना होगा।

26 सीटों के प्रस्ताव पर नाराजगी से बढ़ी चर्चा

दरअसल, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सीटों के बंटवारे पर बातचीत जारी है। इसी बीच सपा की ओर से कांग्रेस को 26 सीटों का प्रस्ताव दिए जाने की खबर सामने आई थी। इस प्रस्ताव पर इमरान मसूद ने नाराजगी जताते हुए कहा था कि कांग्रेस समाजवादी पार्टी से भीख नहीं मांग रही है।

मसूद लगातार गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर अपनी राय मीडिया के सामने रख रहे हैं। वह कांग्रेस की चार सदस्यीय बातचीत टीम का भी हिस्सा हैं। ऐसे में खड़गे की सार्वजनिक नसीहत को गठबंधन के मुद्दे पर पार्टी नेताओं को संयमित रहने और आपसी समन्वय बनाए रखने के संदेश के रूप में देखा जा रहा है।

सहारनपुर की सीटों को लेकर भी है खींचतान

कांग्रेस और सपा के बीच मतभेद की एक वजह सहारनपुर क्षेत्र की विधानसभा सीटें भी बताई जा रही हैं। समाजवादी पार्टी ने सहारनपुर लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली दो विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए थे। इसके बाद इमरान मसूद ने नाराजगी जाहिर की थी।

उन्होंने कहा था कि गठबंधन आपसी सहयोग और सहमति से चलता है। यदि कोई सहयोगी दल पहले अपने उम्मीदवार घोषित कर दे और बाद में दूसरे दल के लिए सीट छोड़ने की बात करे, तो इसे गठबंधन की भावना के अनुरूप नहीं माना जा सकता।

चुनाव से पहले गठबंधन की चुनौतियां

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव को देखते हुए कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा महत्वपूर्ण होता जा रहा है। दोनों दलों के बीच बातचीत जारी है, लेकिन सीटों को लेकर सहमति बनना अभी बाकी है। ऐसे राजनीतिक माहौल में खड़गे का बयान कांग्रेस के भीतर अनुशासन, एकजुटता और गठबंधन की रणनीति पर चर्चा का विषय बन गया है।

Show More

Related Articles

Back to top button