व्यापार जगत

संन्यास के ऐलान के बाद सबसे पहले सचिन ने किया फोन, रहाणे ने बताई पूरी कहानी

अजिंक्य रहाणे के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास के बाद उन्हें पूर्व और मौजूदा क्रिकेटरों की ओर से शुभकामनाएं मिलीं, लेकिन सबसे खास कॉल उन्हें सचिन तेंदुलकर का आया। रहाणे के मुताबिक, सचिन को उनके संन्यास की खबर सुनकर काफी हैरानी हुई थी, क्योंकि उन्हें उम्मीद थी कि रहाणे अभी और लंबे समय तक क्रिकेट खेलेंगे।

रहाणे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो शेयर कर अपने संन्यास का ऐलान किया था। इस वीडियो में वो भावुक नजर आए थे। संन्यास के बाद अपने अगले सफर के बारे में बात करते हुए रहाणे ने बताया कि सचिन तेंदुलकर ने सबसे पहले उन्हें फोन किया था। दोनों मुंबई के लिए घरेलू क्रिकेट में साथ खेल चुके हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रहाणे ने कहा, ‘पहला कॉल सचिन तेंदुलकर का आया। उन्हें लगा कि मैं अभी लंबा खेलूंगा। मैंने उनसे कहा कि मैं ज्यादा लंबा नहीं खींचना चाहता, क्योंकि मैं बिना किसी पछतावे के रिटायर हो रहा हूं।’

रहाणे ने बताया कि पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने भी उन्हें फोन किया था। वहीं विराट कोहली, चेतेश्वर पुजारा, रोहित शर्मा और जसप्रीत बुमराह ने उन्हें मैसेज कर शुभकामनाएं दीं। रहाणे ने कहा कि उन्होंने सभी से यही बात कही कि अपने करियर में उन्होंने जो कुछ हासिल किया, उससे वो पूरी तरह संतुष्ट हैं।

रहाणे का संन्यास वीडियो भी काफी चर्चा में रहा। वीडियो रिकॉर्ड करते समय उनकी आंखें नम हो गई थीं। उन्होंने बताया कि परिवार से संन्यास को लेकर बात करते समय भी वो भावुक हो गए थे और वीडियो रिकॉर्ड करने के बाद काफी देर तक रोते रहे।

अजिंक्य रहाणे ने अपने करियर में भारत के लिए ओपनिंग से लेकर मिडिल ऑर्डर तक बल्लेबाजी की। उन्होंने 85 टेस्ट मैचों में 5,077 रन बनाए, जिसमें 12 शतक शामिल हैं। वहीं 90 वनडे मैचों में उनके नाम 2,962 रन हैं। रहाणे ने भारत के लिए 20 T20 इंटरनेशनल मैच भी खेले। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में उनके नाम कुल 15 शतक और 51 अर्धशतक दर्ज हैं।

अपने संन्यास के बाद रहाणे ने साफ किया है कि वो अपने क्रिकेट करियर को लेकर किसी तरह का पछतावा नहीं रखते। उनके लिए अब ये सफर खत्म होने के बजाय जिंदगी के एक नए अध्याय की शुरुआत है।

Show More

Related Articles

Back to top button