खेल जगतभारत

सिर्फ जीत नहीं, नंबर-1 की बादशाहत भी दांव पर; जानिए पिच और मौसम का पूरा हाल

भारत और इंग्लैंड के बीच पांच मैचों की T20 सीरीज का आखिरी मुकाबला शनिवार, 11 जुलाई को साउथैम्प्टन के रोज बाउल स्टेडियम में खेला जाएगा। इंग्लैंड पहले ही सीरीज अपने नाम कर चुका है, लेकिन दोनों टीमें जीत के साथ इस सीरीज का अंत करना चाहेंगी। ऐसे में सभी की नजरें पिच और मौसम पर भी रहेंगी, क्योंकि ये दोनों मैच का रुख तय कर सकते हैं।

मौसम रहेगा साफ, बारिश की कोई संभावना नहीं

साउथैम्प्टन में मैच के दौरान मौसम क्रिकेट के लिए बिल्कुल अनुकूल रहने की संभावना है। आसमान साफ से लेकर हल्के बादलों वाला रहेगा और बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान 30 से 32 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है, जबकि नमी करीब 50 प्रतिशत रह सकती है। हल्की हवा भी चलेगी, जिससे खिलाड़ियों को ज्यादा परेशानी नहीं होगी।

पिच पर बल्लेबाज और गेंदबाज, दोनों को मिलेगी मदद

रोज बाउल की पिच आमतौर पर संतुलित मानी जाती है। मैच की शुरुआत में तेज गेंदबाजों को नई गेंद से स्विंग और सीम मूवमेंट मिल सकती है, जिससे बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में सावधानी बरतनी होगी। हालांकि, जैसे-जैसे गेंद पुरानी होती जाती है, बल्लेबाजी आसान हो जाती है और बड़े स्कोर देखने को मिलते हैं।

इस मैदान पर बन चुके हैं बड़े स्कोर

रोज बाउल पर कई यादगार T20 मुकाबलों खेले गए है। इंग्लैंड टीम ने यहां 2025 में वेस्टइंडीज के खिलाफ 248/3 का विशाल स्कोर बनाया था, जबकि ऑस्ट्रेलिया ने 2013 में इसी मैदान पर 248/6 रन बनाए थे। भारत ने भी 2022 में इंग्लैंड के खिलाफ यहां 198/8 का स्कोर खड़ा किया था और उस मैच में जीत दर्ज की थी। ऐसे में एक बार फिर हाई स्कोरिंग मुकाबले की उम्मीद की जा रही है।

पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम का रिकॉर्ड बेहतर

रोज बाउल में अब तक खेले गए 13 पुरुष T20 इंटरनेशनल मुकाबलों में पहले बल्लेबाजी करने वाली टीम ने 9 मैच जीते हैं, जबकि लक्ष्य का पीछा करने वाली टीम सिर्फ 4 बार सफल रही है। आंकड़े बताते हैं कि इस मैदान पर बड़ा स्कोर बनाकर उसे बचाना ज्यादा फायदेमंद रहा है। हालांकि अगर शुरुआत में गेंद स्विंग करती दिखी, तो टॉस जीतने वाला कप्तान पहले गेंदबाजी करने का फैसला भी ले सकता है।

Show More

Related Articles

Back to top button