आंध्र प्रदेश में सड़क निर्माण के दौरान भीषण विस्फोट, चालक समेत 5 की मौत

जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में हुआ धमाका, दो वाहन क्षतिग्रस्त; पुलिस और प्रशासन ने शुरू की जांच
जगदलपुर । आंध्र प्रदेश के अल्लूरी सीताराम राजू (ASR) जिले में शनिवार सुबह सड़क निर्माण कार्य के दौरान हुए भीषण विस्फोट में पांच लोगों की जान चली गई। यह हादसा अनंतगिरि मंडल के पिनाकोटा क्षेत्र में हुआ। मृतकों में एक वाहन चालक और चार मजदूर शामिल हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, सड़क निर्माण कार्य के दौरान जिलेटिन की छड़ों से जुड़े विस्फोटक उपकरण में अचानक धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इसकी चपेट में आने से पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासन की टीम
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं। अधिकारियों ने हादसे से जुड़ी परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विस्फोटक उपकरण में धमाका किन कारणों से हुआ।
जांच पूरी होने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों और अन्य परिस्थितियों को लेकर विस्तृत जानकारी सामने आने की उम्मीद है। इस हादसे के बाद इलाके में शोक का माहौल है।



