अपराधहमर छत्तीसगढ़

बलौदाबाजार में गांजा तस्करी का भंडाफोड़, 7 अंतरराज्यीय आरोपी गिरफ्तार

ओडिशा से प्रयागराज ले जाई जा रही थी गांजे की खेप, पुलिस ने 25.41 लाख रुपये से अधिक की सामग्री की जब्त

बलौदाबाजार । छत्तीसगढ़ में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन निश्चय’ के तहत सिमगा पुलिस ने महासमुंद और बिलासपुर पुलिस के सहयोग से गांजा तस्करी के एक अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने ओडिशा से उत्तर प्रदेश के प्रयागराज गांजा ले जा रहे सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान दो कारों में सवार आरोपियों को पकड़ा गया।

पुलिस के मुताबिक, 23 अक्टूबर को सूचना मिली थी कि एक सफेद स्विफ्ट कार में बड़ी मात्रा में गांजा भरकर ओडिशा से उत्तर प्रदेश ले जाया जा रहा है। तस्करी में शामिल गिरोह पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए स्विफ्ट कार से आगे एक बलेनो कार को पायलट वाहन के रूप में चला रहा था।

सूचना के आधार पर पुलिस ने सिमगा ओवरब्रिज और राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर नाकेबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की। पुलिस को देखकर दोनों कारों के चालकों ने भागने की कोशिश की। पीछा करने के दौरान ग्राम दामाखेड़ा के पास एनएच-130 पर स्विफ्ट कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। इसके बाद पुलिस ने घेराबंदी कर सातों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।

25.41 लाख रुपये से अधिक की सामग्री जब्त

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल 25 लाख 41 हजार 500 रुपये की सामग्री जब्त की है। इसमें 15 लाख 21 हजार 500 रुपये कीमत का 30 किलो 430 ग्राम गांजा, 3 लाख 50 हजार रुपये की स्विफ्ट कार, 6 लाख रुपये की बलेनो कार और 70 हजार रुपये कीमत के छह मोबाइल फोन शामिल हैं।

पत्रकार के सहायक और ग्रामीण चिकित्सक के संपर्क का भी जिक्र

पूछताछ के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपियों में से एक स्थानीय स्तर पर पत्रकार के सहायक के रूप में जुड़ा हुआ था। बताया गया कि वह वाहन जांच के दौरान अपनी इस पहचान का सहारा लेकर बचने का प्रयास करता था। वहीं, एक अन्य आरोपी के ग्रामीण चिकित्सक के रूप में काम करने की जानकारी भी सामने आई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह इन पहचानों और संपर्कों की आड़ में ओडिशा से गांजा लाकर प्रयागराज में खपाने की कोशिश कर रहा था।

प्रयागराज के सात आरोपी गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विनीत कुमार भारती (29), करन कनौजिया (23), सुनील कुमार भारती (22), सुखलेन्द्र कुमार नट (35), राजेंद्र गुप्ता (42), शिवशंकर बिन्द (26) और अनिल कुमार बिन्द (39) के रूप में हुई है। सभी आरोपी उत्तर प्रदेश के प्रयागराज जिले के निवासी बताए गए हैं।

सप्लायरों और खरीदारों की तलाश जारी

इस मामले में थाना सिमगा में अपराध क्रमांक 466/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) में प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपियों को न्यायिक रिमांड के लिए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया में है। गांजा सप्लाई करने वाले मुख्य आरोपियों और इसे खरीदने वाले लोगों की पहचान के लिए आगे की जांच जारी है।

Show More

Related Articles

Back to top button