हमर छत्तीसगढ़

पीएम स्वनिधि योजना में छत्तीसगढ़ का शानदार प्रदर्शन, मिले पांच राष्ट्रीय पुरस्कार

फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देश में पहला स्थान, इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज में राज्य को दूसरा स्थान

रायपुर । प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के प्रभावी क्रियान्वयन और पथ विक्रेताओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। नई दिल्ली के डॉ. अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में आयोजित स्वनिधि सम्मान अवार्ड्स-2026 में छत्तीसगढ़ को कुल पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों से सम्मानित किया गया।

राज्य ने फास्टेस्ट मूवर्स श्रेणी में देशभर में पहला स्थान हासिल किया, जबकि इनोवेशन एंड बेस्ट प्रैक्टिसेज श्रेणी में दूसरा स्थान प्राप्त किया। उप मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन तथा विकास मंत्री अरुण साव ने राज्य की ओर से दोनों राष्ट्रीय पुरस्कार ग्रहण किए।

इसके साथ ही प्रदेश के तीन नगरीय निकायों बिलासपुर, बड़े बचेली और दंतेवाड़ा को भी डिजिटल अडॉप्शन श्रेणी में राष्ट्रीय सम्मान मिला। एक लाख से कम आबादी वाले नगरीय निकायों में बड़े बचेली ने पहला और दंतेवाड़ा ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, एक लाख से 10 लाख की आबादी वाले निकायों में बिलासपुर नगर निगम को दूसरा स्थान मिला।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संचालित पीएम स्वनिधि योजना छोटे व्यवसायियों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। छत्तीसगढ़ को पांच राष्ट्रीय पुरस्कार मिलना पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि पथ विक्रेताओं और छोटे कारोबारियों को आर्थिक संबल प्रदान करना तथा उन्हें सम्मानजनक आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कहा कि राज्य और नगरीय निकायों को मिले ये पुरस्कार बेहतर कार्यप्रणाली, नवाचार और समर्पित प्रयासों का परिणाम हैं। पीएम स्वनिधि योजना के माध्यम से पथ विक्रेताओं को संस्थागत ऋण, डिजिटल लेनदेन और स्वरोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह सम्मान नगरीय निकायों को पथ विक्रेताओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए और अधिक प्रतिबद्धता से काम करने की प्रेरणा देगा।

समारोह में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल और केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू सहित नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा, संचालक निलेश महादेव क्षीरसागर और राज्य शहरी विकास अभिकरण के उप मुख्य कार्यपालन अधिकारी सुनील अग्रहरी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर बिलासपुर की महापौर पूजा विधानी और आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे, दंतेवाड़ा की नगर पालिका अध्यक्ष पायल गुप्ता एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी अरुण कुमार ध्रुव तथा बड़े बचेली के अध्यक्ष राजू जायसवाल एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारी पी.टी.एम. कृष्णा राव भी मौजूद रहे।

पीएम स्वनिधि योजना के तहत छत्तीसगढ़ में पथ विक्रेताओं को आर्थिक गतिविधियों से जोड़ने, डिजिटल भुगतान को बढ़ावा देने और उनकी आजीविका को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। पांच राष्ट्रीय पुरस्कारों के साथ राज्य ने शहरी आजीविका संवर्धन और छोटे व्यवसायियों के आर्थिक सशक्तीकरण के क्षेत्र में अपनी मजबूत पहचान स्थापित की है।

Show More

Related Articles

Back to top button