दुर्ग में प्रेम प्रसंग को लेकर खूनी संघर्ष, युवक की आंखों में मिर्च डालकर किया जानलेवा हमला

दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के जामुल थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग और आधार कार्ड को लेकर हुए विवाद ने गंभीर रूप ले लिया। आरोप है कि एक युवक की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उस पर धारदार हथियार से हमला किया गया। मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।
शादी की बात पर आधार कार्ड को लेकर हुआ विवाद
पुलिस में दर्ज शिकायत के मुताबिक, अमित कुमार बंजारे 15 अक्टूबर 2026 की रात करीब 9:30 बजे अपनी प्रेमिका किरण गुप्ता के साथ दीपक गुप्ता के पास पहुंचा था। इस दौरान विवाह के लिए आधार कार्ड की जरूरत बताते हुए किरण ने आरोपी से आधार कार्ड मांगा। इसी बात को लेकर विवाद शुरू हो गया।
नया मकान दिखाने के बहाने ले गया, फिर किया हमला
आरोप है कि दीपक गुप्ता अमित को नया मकान दिखाने के बहाने शिवपुरी क्षेत्र की ओर ले गया। वहां उसने अमित की आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया और धारदार हथियार से वार कर दिया। हमले के दौरान अमित और किरण ने मौके से भागकर अपनी जान बचाई।
घायल अमित को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए दुर्ग रेफर किया गया। घटना की सूचना पर जामुल पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 109(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
आरोपी गिरफ्तार, हथियार जब्त
पुलिस ने विवेचना के दौरान घायल युवक और गवाहों के बयान दर्ज किए तथा कथित वारदात में इस्तेमाल धारदार हथियार जब्त किया। इसके बाद आरोपी दीपक गुप्ता (48 वर्ष), निवासी कैंप-01, जलेबी चौक, जिला दुर्ग को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस ने लोगों से की अपील
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से प्रेम संबंधों, पारिवारिक मामलों और आपसी विवादों को कानूनी तरीके से सुलझाने की अपील की है। पुलिस ने कहा कि विवाद की स्थिति में हिंसा करने के बजाय कानून की मदद लें और किसी भी संभावित अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को दें।



