यूपी के 12 लाख कर्मचारियों को दिवाली से पहले बड़ा तोहफा! बोनस के साथ 3% बढ़ सकता है DA-DR, नवंबर की सैलरी में मिलेगा फायदा

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लाखों राज्य कर्मचारियों और पेंशनरों के लिए दिवाली से पहले बड़ी राहत की उम्मीद है। योगी सरकार अराजपत्रित कर्मचारियों को बोनस देने के साथ महंगाई भत्ते (DA) और महंगाई राहत (DR) में बढ़ोतरी का फैसला जल्द कर सकती है। वित्त विभाग ने इसको लेकर प्रक्रिया तेज कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, नवरात्रि की छुट्टियों के बाद शासन की ओर से बोनस और DA-DR को लेकर आदेश जारी हो सकते हैं। इस बार कर्मचारियों को करीब 3 फीसदी DA-DR बढ़ोतरी का लाभ मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
3 फीसदी बढ़ सकता है DA-DR
अगर 25 अक्टूबर से पहले DA-DR बढ़ोतरी का आदेश जारी हो जाता है, तो अक्टूबर महीने की सैलरी और पेंशन, जो नवंबर में मिलेगी, उसमें बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता और राहत शामिल की जा सकती है। प्रदेश में 12 लाख से अधिक कर्मचारी और 6 लाख से ज्यादा पेंशनर इस फैसले का इंतजार कर रहे हैं।
दिवाली से पहले बोनस मिलने की उम्मीद
राज्य के अराजपत्रित कर्मचारियों को इस बार करीब 3,400 से 7,000 रुपये तक बोनस मिलने की संभावना है। बोनस की राशि वेतन के साथ नहीं, बल्कि अलग से कर्मचारियों के बैंक खातों में ट्रांसफर किए जाने की बात कही जा रही है।
रेलवे कर्मचारियों के लिए बोनस की घोषणा के बाद यूपी के राज्य कर्मचारियों में भी बोनस को लेकर उम्मीद बढ़ गई है।
आउटसोर्स कर्मचारियों की भी बढ़ेगी सैलरी
प्रदेश के करीब चार लाख आउटसोर्स कर्मचारियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है। उनकी बढ़ी हुई सैलरी नवंबर में मिलने की संभावना है, जो अक्टूबर महीने के वेतन के रूप में दी जाएगी। इसके लिए आउटसोर्स सेवा निगम की ओर से छुट्टियों के बाद आदेश जारी किए जा सकते हैं।
पुराने मेडिकल बिलों के भुगतान की डेडलाइन
सरकार ने कर्मचारियों और पेंशनरों के लंबित मेडिकल बिलों के भुगतान को लेकर भी समयसीमा तय की है। शासन के निर्देश के अनुसार, 31 अक्टूबर तक लंबित चिकित्सा दावों का निस्तारण किया जाना है।
30 सितंबर तक जरूरी दस्तावेजों और बिलों के साथ संबंधित विभागों में जमा किए गए दावों की जांच कर इसी महीने भुगतान करने के निर्देश दिए गए हैं।
हालांकि, बोनस और DA-DR बढ़ोतरी की अंतिम पुष्टि शासन के आधिकारिक आदेश जारी होने के बाद ही होगी।



