6 साल में रकम दोगुनी करने का झांसा देकर 24 लाख की ठगी, चिटफंड कंपनी के डायरेक्टर समेत 4 गिरफ्तार

बिलासपुर। कम समय में रकम दोगुनी करने का लालच देकर ग्रामीणों से लाखों रुपये की ठगी करने वाली चिटफंड कंपनी के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कंपनी के डायरेक्टर सहित चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने प्रीवेल फूड प्रोडक्ट एंड प्रॉपर्टीज लिमिटेड के नाम से कंपनी बनाकर करीब 24 लाख रुपये जमा कराए और बाद में कंपनी बंद कर फरार हो गए थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सीपत निवासी प्रार्थी तीरथ राम रात्रे ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2012-13 में ताराचंद पाटले ने अपने साथियों वसंत यादव, डेरहा प्रसाद कांत और रतन कुर्रे सहित अन्य लोगों के साथ मिलकर चिटफंड कंपनी शुरू की थी। कंपनी के माध्यम से आसपास के ग्रामीणों को छह साल में रकम दोगुनी करने का झांसा दिया गया। इस लालच में प्रार्थी और उसके परिचितों ने कंपनी में लगभग 24 लाख रुपये जमा कराए थे। बाद में कंपनी बंद कर संचालक फरार हो गए।
शिकायत के आधार पर पुलिस ने अपराध क्रमांक 1668/26 के तहत धारा 420, 34 आईपीसी एवं छत्तीसगढ़ के प्राइज चिट्स एंड मनी सर्कुलेशन स्कीम्स (प्रतिबंध) अधिनियम की धारा 10 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस ने कंपनी के डायरेक्टर और अन्य आरोपियों को तलब कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने अपराध में संलिप्तता स्वीकार की। उनके कब्जे और मामले से संबंधित चिटफंड कंपनी द्वारा जारी बॉन्ड पेपर, रसीद और पासबुक सहित अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।
ये चार आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निम्न आरोपियों को गिरफ्तार किया है:
- डेरहा प्रसाद, उम्र 58 वर्ष, निवासी कुटी परम, मोपका।
- ताराचंद पाटले, उम्र 56 वर्ष, निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
- बसंत यादव, उम्र 70 वर्ष, निवासी खरौद, जिला जांजगीर-चांपा।
- रतन लाल कुर्रे, उम्र 55 वर्ष, निवासी पामगढ़, जिला जांजगीर-चांपा।
चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजने की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी अभी शेष है और विवेचना जारी है।



