राष्ट्रपति भवन में गूंजेगी कोंडागांव की शिल्पकला, 38 कलाकारों को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का न्योता

कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के बस्तर अंचल की पारंपरिक शिल्पकला को अब देश के सर्वोच्च संवैधानिक भवनों में शामिल राष्ट्रपति भवन में प्रस्तुत करने का अवसर मिलने जा रहा है। कोंडागांव जिले के ग्राम किकिरदापारा के 38 शिल्पकारों को राष्ट्रपति भवन की ओर से राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से विशेष मुलाकात का आमंत्रण मिला है। यह उपलब्धि न केवल इन कलाकारों, बल्कि पूरे बस्तर क्षेत्र की सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है।
16 नवंबर को राष्ट्रपति से रूबरू होंगे शिल्पकार
राष्ट्रपति भवन में 16 नवंबर को सुबह 11:30 बजे यह विशेष मुलाकात आयोजित की जाएगी। इस दौरान कोंडागांव के 38 हस्तशिल्पी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात करेंगे। कलाकार अपनी पारंपरिक कला, निर्माण तकनीक और पीढ़ियों से चली आ रही शिल्प परंपरा के अनुभव साझा करेंगे। राष्ट्रपति भवन से मिले इस आमंत्रण को लेकर शिल्पकारों में उत्साह का माहौल है।
दिल्ली प्रवास के लिए की जा रही विशेष व्यवस्था
शिल्पकारों के दिल्ली प्रवास को सुविधाजनक बनाने के लिए भी इंतजाम किए जा रहे हैं। राष्ट्रपति सचिवालय ने उनके भोजन, ठहरने और स्थानीय आवागमन की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इस आयोजन की तैयारियों में राष्ट्रीय डिजाइन संस्थान, अहमदाबाद का भी सहयोग लिया जा रहा है।
शिल्पकार तिजूराम विश्वकर्मा ने इस आमंत्रण पर खुशी जताते हुए कहा कि कोंडागांव के कलाकारों को राष्ट्रपति से मिलने का अवसर मिलना पूरे क्षेत्र के लिए गर्व और सम्मान की बात है।
वहीं, सागर विश्वकर्मा ने कहा कि उनकी कलाकृति का चयन होना और राष्ट्रपति भवन से बुलावा मिलना बेहद खुशी की बात है। यह उनकी पारंपरिक कला और कारीगरी को मिला सम्मान है। शिल्पकार राजमनी ने भी उत्साह जताते हुए कहा कि राष्ट्रपति से पहली बार मुलाकात करना उनके जीवन का यादगार पल होगा।
बेलमेटल और लौह शिल्प से बनी देश-विदेश में पहचान
कोंडागांव की बेलमेटल और लौह शिल्पकला बस्तर की आदिवासी संस्कृति, धार्मिक मान्यताओं और पारंपरिक जीवनशैली को दर्शाती है। यहां के कारीगर धातु को अपने हुनर से आकार देकर देवी-देवताओं, पशु-पक्षियों और जनजातीय जीवन से जुड़ी आकर्षक कलाकृतियां तैयार करते हैं। अपनी विशिष्ट कला और बारीक कारीगरी के कारण इन कलाकारों ने देश के साथ विदेशों में भी पहचान बनाई है।
छत्तीसगढ़ के 51 शिल्पकार होंगे आयोजन में शामिल
इस विशेष आयोजन में केवल कोंडागांव के 38 कलाकार ही नहीं, बल्कि पूरे छत्तीसगढ़ से कुल 51 शिल्पकार शामिल होंगे। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से होने वाली यह मुलाकात बस्तर की पारंपरिक कला और सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शित करने का महत्वपूर्ण अवसर बनेगी।
राष्ट्रपति भवन से मिला यह आमंत्रण उन शिल्पकारों की पीढ़ियों की मेहनत, साधना और हुनर का सम्मान है, जिन्होंने अपनी कला के माध्यम से बस्तर की पहचान को देश-दुनिया तक पहुंचाया है।



