पति के अफेयर का शक बना हत्या की वजह! पत्नी ने 13 लाख की सुपारी देकर कराई एयरलाइन कर्मी की हत्या

गोंदिया। महाराष्ट्र के गोंदिया में मध्य प्रदेश के बालाघाट निवासी इंडिगो एयरलाइन कर्मी वर्षा तुरकर (35) की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, वर्षा के दोस्त नितेश अग्रवाल की पत्नी मोना ने कथित तौर पर प्रेम संबंधों के शक में हत्या की साजिश रची और इसके लिए 13 लाख रुपये की सुपारी तय की।
जांच में सामने आया कि मोना ने पड़ोसी कुणाल कुंभलकर के जरिए शाहरुख पठान को सुपारी दिलवाई थी। आरोप है कि हमलावरों ने नितेश की कार में लगे GPS ऐप की मदद से वर्षा की लोकेशन ट्रैक की और 14 नवंबर को बोंडरानी के जंगल में उन पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल वर्षा की अस्पताल में मौत हो गई।
200 CCTV फुटेज खंगालकर खुला राज
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने करीब 200 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। पुलिस ने मोना अग्रवाल समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें इमरान शेख, नलन शेख और कृष्णा राऊत भी शामिल हैं। दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस के अनुसार, सुपारी की रकम में से पांच लाख रुपये शाहरुख पठान को दिए गए थे। मामले में वर्षा और नितेश के बीच कथित 60 लाख रुपये के लेनदेन की बात भी सामने आई है, जिसकी जांच की जा रही है।



