हमर छत्तीसगढ़

डेढ़ लाख की रिश्वत, बिचौलिये के जरिए पहुंची रकम; GST अधिकारी के घर ACB की छापेमारी

कांकेर/जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने राज्य जीएसटी विभाग की सहायक आयुक्त अंचला गिरी को डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोप है कि ई-वे बिल से जुड़े मामले में रोके गए वाहन को छुड़ाने और प्रकरण का निराकरण करने के एवज में अधिकारी ने रिश्वत की मांग की थी।

जानकारी के मुताबिक, कांकेर निवासी शोएब रंगरेज ने इस संबंध में एसीबी से शिकायत की थी। शिकायतकर्ता का आरोप था कि ई-वे बिल के मामले में रोके गए वाहन को छोड़ने और प्रकरण निपटाने के लिए उससे डेढ़ लाख रुपये मांगे जा रहे हैं।

शिकायत के बाद ACB ने बिछाया जाल

शिकायत मिलने के बाद एसीबी ने पहले आरोपों का सत्यापन किया। मामला सही पाए जाने पर जगदलपुर एसीबी की टीम ने ट्रैप की योजना बनाई। इसके तहत टीम ने सहायक आयुक्त के निवास पर कार्रवाई करते हुए उन्हें कथित तौर पर डेढ़ लाख रुपये की रिश्वत लेते पकड़ लिया।

बिचौलिये की भूमिका भी आई सामने

इस मामले में इमरान मेमन नाम के बिचौलिये की भूमिका भी सामने आई है। आरोप है कि रिश्वत की रकम उसी के माध्यम से अधिकारी तक पहुंचाई गई थी। एसीबी दोनों की भूमिका की जांच कर रही है।

आय से अधिक संपत्ति के एंगल से भी जांच

ट्रैप कार्रवाई के बाद एसीबी की टीम ने सहायक आयुक्त अंचला गिरी के निवास पर तलाशी शुरू कर दी है। जांच एजेंसी आय से अधिक संपत्ति के पहलू को भी खंगाल रही है। मामले में अंचला गिरी और इमरान मेमन के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 और 12 के तहत कार्रवाई की जा रही है।

Show More

Related Articles

Back to top button