LPG ग्राहकों के लिए जरूरी खबर: e-KYC नहीं कराया तो 14.2 किलो सिलेंडर पर लगेगी रोक

एलपीजी सिलेंडर इस्तेमाल करने वाले ग्राहकों के लिए 1 अक्टूबर से e-KYC और आधार ऑथेंटिकेशन से जुड़ा नया नियम लागू हुआ है। सब्सिडी के साथ तय रिटेल कीमत पर 14.2 किलो का घरेलू LPG सिलेंडर रिफिल कराने के लिए बायोमेट्रिक आधार ऑथेंटिकेशन जरूरी किया गया है।
जिन ग्राहकों का आधार ऑथेंटिकेशन पहले ही पूरा हो चुका है, उन्हें किसी अतिरिक्त प्रक्रिया की जरूरत नहीं होगी और वे पहले की तरह घरेलू LPG रिफिल करा सकेंगे।
e-KYC नहीं कराने वालों के लिए क्या विकल्प?
जिन ग्राहकों ने अभी तक आधार ऑथेंटिकेशन पूरा नहीं किया है, उनके लिए 5 किलो का फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर या 10 किलो का कंपोजिट फाइबर सिलेंडर लेने का विकल्प उपलब्ध रहेगा। इन सिलेंडरों की कीमत बाजार दर के आधार पर होगी।
पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्रालय के अनुसार, 19 सितंबर तक 27.43 करोड़ एक्टिव घरेलू LPG ग्राहकों यानी करीब 89.9 प्रतिशत ग्राहकों का ऑथेंटिकेशन पूरा हो चुका था।
घर बैठे कैसे करें LPG e-KYC?
ग्राहक LPG डिलीवरी के समय, गैस डिस्ट्रीब्यूटर के शोरूम पर या संबंधित तेल कंपनी के मोबाइल ऐप के जरिए ऑथेंटिकेशन करा सकते हैं।
- Indane: Indian Oil ONE ऐप
- Bharatgas: HelloBPCL ऐप
- HP Gas: HP PAY ऐप
सरकार ने क्यों लागू किया नियम?
सरकार के मुताबिक, आधार ऑथेंटिकेशन का उद्देश्य सब्सिडी का लाभ सही और पात्र ग्राहकों तक पहुंचाना है। इसके अलावा घरेलू LPG सिलेंडरों के कमर्शियल या औद्योगिक इस्तेमाल में डायवर्जन को रोकने और डुप्लीकेट या अयोग्य कनेक्शन की पहचान करने में भी इससे मदद मिलेगी।
LPG की कीमतों में भी बदलाव
1 अक्टूबर से दिल्ली में 19 किलो वाले कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमत 62.50 रुपये बढ़कर 2,810 रुपये हो गई है। वहीं 5 किलो वाले फ्री ट्रेड LPG सिलेंडर की कीमत 15.50 रुपये बढ़कर 779.50 रुपये हो गई है। घरेलू 14.2 किलो LPG सिलेंडर की कीमत में बदलाव नहीं किया गया है।



