हमर छत्तीसगढ़

अजमेर शरीफ उर्स के जायरीनों को मिलेगी राहत? दुर्ग-अजमेर एक्सप्रेस में अतिरिक्त कोच लगाने की मांग

बिलासपुर। अजमेर शरीफ में 10 से 19 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले सालाना उर्स में छत्तीसगढ़ से बड़ी संख्या में जायरीनों के शामिल होने की संभावना है। इसे देखते हुए जायरीनों की यात्रा को सुविधाजनक बनाने के लिए रेलवे से अतिरिक्त कोच लगाने की मांग की गई है। इस संबंध में प्रतिनिधिमंडल ने दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे, बिलासपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक (DRM) को ज्ञापन सौंपा।

ज्ञापन में दुर्ग-अजमेर-दुर्ग एक्सप्रेस (18207) में उर्स की अवधि के दौरान अतिरिक्त स्लीपर और एसी कोच लगाने की मांग की गई है। साथ ही बढ़ती प्रतीक्षा सूची को देखते हुए अतिरिक्त बर्थ की व्यवस्था करने का आग्रह किया गया है।

प्रतिनिधिमंडल ने बताया कि बिलासपुर, रायपुर, दुर्ग सहित छत्तीसगढ़ के विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के जायरीन अजमेर शरीफ की धार्मिक यात्रा पर जाते हैं। ऐसे में यात्रियों की संख्या बढ़ने से ट्रेन में सीटों की उपलब्धता और लंबी वेटिंग लिस्ट की समस्या सामने आ सकती है।

इस अवसर पर हज कमेटी, छत्तीसगढ़ शासन के प्रतिनिधियों सहित सय्यद मकबूल अली, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहम्मद हनीफ, शानुल खान (महामंत्री), पवन छावड़ा (मंडल अध्यक्ष, तिफरा-सिरगिट्टी), विकास एंथनी (मंडल अध्यक्ष, रेलवे मंडल), गुलसर अली (जिला मीडिया प्रभारी, अल्पसंख्यक मोर्चा) एवं कमलेश सिंह उपस्थित रहे।

प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से जायरीनों की धार्मिक आस्था और यात्रा की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उर्स के दौरान अतिरिक्त कोच लगाने तथा प्रतीक्षा सूची के यात्रियों को कन्फर्म बर्थ उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि रेलवे की ओर से अतिरिक्त कोच की व्यवस्था किए जाने से छत्तीसगढ़ के हजारों जायरीनों को अजमेर शरीफ की यात्रा में सुविधा मिलेगी और सीटों की कमी के कारण होने वाली परेशानियों से राहत मिल सकेगी।

प्रतिनिधिमंडल ने रेलवे प्रशासन से जनहित को ध्यान में रखते हुए इस मांग पर जल्द सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

Show More

Related Articles

Back to top button