हमर छत्तीसगढ़

शक्कर के बढ़ते दामों पर कांग्रेस का ‘चीनी सत्याग्रह’, सरकार के खिलाफ सड़क पर उतरेगी पार्टी

PCC चीफ दीपक बैज का आरोप- महंगाई से जनता पर बढ़ा बोझ, सरकार ने नहीं उठाए ठोस कदम

जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में शक्कर की बढ़ती कीमतों को लेकर सियासत तेज हो गई है। कांग्रेस ने महंगाई के मुद्दे पर सरकार को घेरने की तैयारी शुरू कर दी है। पार्टी आने वाले दिनों में ‘चीनी सत्याग्रह’ शुरू करने जा रही है। कांग्रेस का कहना है कि शक्कर के लगातार बढ़ते दामों से आम लोगों के घरेलू बजट पर सीधा असर पड़ रहा है।

पीसीसी चीफ दीपक बैज ने आरोप लगाया कि देश में बड़ी मात्रा में गन्ने का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया जा रहा है। इसके चलते शक्कर की उपलब्धता प्रभावित हुई है और बाजार में कीमतें बढ़ी हैं। उन्होंने इथेनॉल मिश्रित ईंधन को लेकर भी सवाल उठाए और दावा किया कि इससे वाहनों को नुकसान होने की शिकायतें सामने आ रही हैं।

सरकार पर लगाया 36 हजार करोड़ वसूलने का आरोप

दीपक बैज ने आरोप लगाया कि सरकार को शक्कर की कीमतों में संभावित बढ़ोतरी की जानकारी पहले से थी। उनके मुताबिक, सरकार को तीन-चार महीने पहले ही स्थिति का अंदाजा था, लेकिन कीमतों को नियंत्रित करने के लिए समय रहते प्रभावी कदम नहीं उठाए गए।

उन्होंने दावा किया कि बढ़ती महंगाई के कारण सरकार जनता से करीब 36 हजार करोड़ रुपये वसूल चुकी है। बैज ने केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार को महंगाई के मुद्दे पर घेरते हुए इसे पूरी तरह विफल बताया।

महंगाई के खिलाफ सड़क पर उतरेगी कांग्रेस

कांग्रेस ने शक्कर की कीमतों के विरोध में बड़े आंदोलन की घोषणा की है। दीपक बैज ने कहा कि जिस तरह महात्मा गांधी ने नमक की कीमत और अंग्रेजी हुकूमत की नीतियों के विरोध में नमक सत्याग्रह किया था, उसी तरह आज शक्कर की बढ़ती कीमतों के खिलाफ कांग्रेस ‘चीनी सत्याग्रह’ करेगी।

पार्टी का कहना है कि आंदोलन के जरिए सरकार से शक्कर की कीमतों पर नियंत्रण और आम जनता को राहत देने की मांग की जाएगी। आने वाले दिनों में आंदोलन की विस्तृत रूपरेखा और कार्यक्रमों की जानकारी कांग्रेस की ओर से जारी की जाएगी।

Show More

Related Articles

Back to top button