बिलासपुर बवाल पर बड़ी कार्रवाई, 50 से ज्यादा लोगों पर FIR; ड्रोन-CCTV से होगी आरोपियों की पहचान

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में देर रात हुए बवाल के बाद पुलिस ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। मामले में दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने बलवा सहित कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिसमें धारा 307 और 191 भी शामिल है।
मामूली विवाद के बाद दोनों पक्षों में जमकर पथराव हुआ, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। हालात को नियंत्रित करने पुलिस को बल प्रयोग, आंसू गैस और अन्य कार्रवाई करनी पड़ी। घटना में दोनों पक्षों के दो दर्जन से ज्यादा लोगों के साथ कुछ पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी जानकारी सामने आई है।
आरोपियों की पहचान के लिए पुलिस ड्रोन और CCTV फुटेज की मदद ले रही है। सुरक्षा के मद्देनजर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है और अन्य जिलों से भी अतिरिक्त बल बुलाया गया।
विधायक सुशांत शुक्ला ने घटना को लेकर कहा कि दो असामाजिक तत्वों के बीच हुई झड़प को धार्मिक रंग देने की कोशिश की गई। उन्होंने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल प्रशासन को देने की अपील की। फिलहाल पुलिस प्रशासन ने शहर में स्थिति नियंत्रण में होने की बात कही है।



