हमर छत्तीसगढ़

वार्ड अध्यक्ष सिर्फ पद नहीं, जनता की जिम्मेदारी: देवकी क्षत्रिय

रायपुर। कालीमाता वार्ड क्रमांक 12 की सामाजिक कार्यकर्ता देवकी क्षत्रिय ने वार्ड अध्यक्ष की भूमिका पर अपनी बात रखते हुए कहा कि वार्ड अध्यक्ष केवल एक पद नहीं, बल्कि पूरे वार्ड की जनता की आवाज बनने की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि एक सच्चा वार्ड अध्यक्ष वही होता है, जो जनता की छोटी-बड़ी समस्याओं को समझे, अधिकारियों से समन्वय कर उनका समाधान निकाले, वार्ड के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहे और लोगों के बीच रहकर उनका भरोसा जीते।
देवकी क्षत्रिय ने कहा कि वर्तमान समय डिजिटल और तेजी से बदलते दौर का है, इसलिए अब केवल पारंपरिक तरीके से काम करना पर्याप्त नहीं है। आज के समय में वार्ड अध्यक्ष पढ़ा-लिखा, जागरूक और आधुनिक तकनीक की समझ रखने वाला होना चाहिए। उसे मोबाइल, सोशल मीडिया और डिजिटल प्लेटफॉर्म का सही उपयोग करना आना चाहिए, साथ ही देश-दुनिया की राजनीति, सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी भी होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि एक सक्षम वार्ड अध्यक्ष वह है, जो किसी भी मुद्दे पर जनता के बीच खुलकर तर्क के साथ अपनी बात रख सके और लोगों का मार्गदर्शन कर सके।
पार्टी के प्रति जिम्मेदारी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि वार्ड अध्यक्ष को पार्टी की विचारधारा को सही तरीके से लोगों तक पहुंचाना चाहिए, संगठन को मजबूत करना चाहिए, कार्यकर्ताओं को साथ लेकर चलना चाहिए और चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि हर समय सक्रिय रहना चाहिए।
देवकी क्षत्रिय ने कहा कि यदि नेतृत्व में समझ, संवाद कौशल और जिम्मेदारी निभाने की क्षमता नहीं होगी, तो केवल पद पर बैठे रहने से कोई लाभ नहीं होता। इससे वार्ड का विकास रुकता है और जनता का भरोसा भी कमजोर पड़ता है।
उन्होंने कहा कि यह किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि एक सोच की बात है। हमें अपने वार्ड के लिए ऐसा नेतृत्व चाहिए, जो समय के साथ चले, समझदार हो और वास्तव में जनता के लिए काम करने वाला हो।

Show More

Related Articles

Back to top button