हमर छत्तीसगढ़

आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आंदोलन को विकास उपाध्याय का समर्थन, भाजपा सरकार पर साधा निशाना

रायपुर। माना तूता धरना स्थल पर पिछले तीन दिनों से अपनी विभिन्न मांगों को लेकर आंदोलन कर रही छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका कल्याण संघ की बहनों के धरना-प्रदर्शन को समर्थन देने आज कांग्रेस नेता एवं पूर्व विधायक विकास उपाध्याय पहुंचे।

इस दौरान विकास उपाध्याय ने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और सहायिकाएं विषम परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करती हैं। कोरोना महामारी का कठिन दौर हो, कुपोषण के खिलाफ लड़ाई हो, चुनाव संबंधी कार्य हों या महतारी वंदन योजना के फॉर्म भरवाने की जिम्मेदारी, हर परिस्थिति में हमारी आंगनबाड़ी बहनों ने जमीनी स्तर पर सरकार के काम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

भाजपा सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए विकास उपाध्याय ने कहा कि प्रदेश में भाजपा के कुशासन का आलम यह है कि जनता के काम करने वाली संस्थाएं और कर्मचारी आज हड़ताल पर हैं। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता अपनी मांगों को लेकर सड़कों पर हैं, पटवारी हड़ताल करने को मजबूर हैं और अलग-अलग विभागों के कर्मचारी अपने अधिकारों के लिए आंदोलन कर रहे हैं। आखिर प्रदेश की जनता अपना काम करवाने कहां जाए? सरकार को जनता की समस्याओं और कर्मचारियों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। भाजपा सरकार को केवल चुनाव के समय जनता और कर्मचारियों की याद आती है, सत्ता में आने के बाद न कर्मचारियों की सुनवाई होती है और न जनता के काम की चिंता। सरकार की जिम्मेदारी केवल योजनाओं के नाम गिनाना नहीं, बल्कि उन योजनाओं को जमीन पर उतारने वाले कर्मचारियों को सम्मान और उनका अधिकार देना भी है। आज प्रदेश में व्यवस्था चलाने वाले ही अपनी मांगों को लेकर धरने पर बैठे हैं और सरकार आंखें मूंदकर बैठी है।

विकास उपाध्याय ने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा मेहनतकश वर्ग के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई लड़ती आई है। छत्तीसगढ़ में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल जी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय 6,500 रुपये से बढ़ाकर 10,000 रुपये किया था। इसके साथ ही सेवा समाप्ति पर पहले किसी प्रकार की आर्थिक सहायता नहीं मिलती थी, लेकिन कांग्रेस सरकार ने कार्यकर्ताओं के लिए 25,000 रुपये और सहायिकाओं के लिए 50,000 रुपये की सहायता राशि दिए जाने की नीति बनाई थी।

उन्होंने धरने पर बैठी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी उनकी जायज मांगों और अधिकारों के साथ मजबूती से खड़ी है। प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं की जायज मांगों को प्राथमिकता से पूरा किया जाएगा। इन बहनों को उनका अधिकार, सम्मान और उचित पारिश्रमिक दिलाना हमारी प्रतिबद्धता है।

Show More

Related Articles

Back to top button