मनोरंजन

कोमोलिका बनकर घर-घर में छाईं उर्वशी ढोलकिया, तलाक के बाद अकेले पाले दो बेटे, संघर्ष से बनीं टीवी की फेमस विलेन

टेलीविजन इंडस्ट्री की आइकॉनिक विलेन उर्वशी ढोलकिया आज अपना 47वां जन्मदिन मना रही हैं। अपने दमदार अभिनय और बेबाक अंदाज से दर्शकों का दिल जीतने वाली उर्वशी ने सिर्फ पर्दे पर ही नहीं, बल्कि निजी जिंदगी में भी कई मुश्किलों का सामना किया। कम उम्र में शादी, जल्दी मां बनना, तलाक और फिर सिंगल मदर के रूप में बच्चों की परवरिश इन सभी चुनौतियों के बावजूद उन्होंने कभी हार नहीं मानी और अपनी अलग पहचान बनाई।

9 जुलाई 1979 को दिल्ली में जन्मी उर्वशी ढोलकिया ने महज छह साल की उम्र में एक विज्ञापन के जरिए एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था। लेकिन उनकी निजी जिंदगी आसान नहीं रही। उन्होंने सिर्फ 16 साल की उम्र में शादी कर ली और 17 साल की उम्र में जुड़वां बेटों क्षितिज और सागर की मां बन गईं। हालांकि, शादी ज्यादा समय तक नहीं चल सकी और करीब डेढ़ साल बाद उनका तलाक हो गया। इसके बाद उर्वशी ने अकेले अपने दोनों बेटों की परवरिश की।

उर्वशी ढोलकिया ने अपने करियर में कई लोकप्रिय टीवी धारावाहिकों में काम किया, जिनमें देख भाई देख, शक्तिमान, चंद्रकांता, कभी सौतन कभी सहेली, नागिन 6 और घर एक मंदिर जैसे शो शामिल हैं। हालांकि, उन्हें असली पहचान एकता कपूर के सुपरहिट शो ‘कसौटी जिंदगी की’ में कोमोलिका बसु के किरदार से मिली। उनकी स्टाइल, डायलॉग डिलीवरी और दमदार अभिनय ने इस किरदार को टीवी इतिहास के सबसे यादगार निगेटिव रोल्स में शामिल कर दिया। इस भूमिका के लिए उन्हें कई पुरस्कार भी मिले।

उर्वशी ढोलकिया सिर्फ टीवी सीरियल्स तक सीमित नहीं रहीं। उन्होंने बिग बॉस 6 का खिताब अपने नाम किया और बाद में नच बलिए 9, झलक दिखला जा 11 और द 50 जैसे रियलिटी शोज में भी हिस्सा लिया। फिल्मों की बात करें तो वह बाबुल, कब तक चुप रहूंगी और इज्जत जैसी फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। आज भी उर्वशी मनोरंजन जगत में सक्रिय हैं और सोशल मीडिया पर अपने ग्लैमरस, फिटनेस और बेबाक अंदाज के चलते सुर्खियों में बनी रहती हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button