गाजा युद्ध पर UN महासचिव गुटेरेस की अपील, 7 अक्टूबर की बरसी से पहले स्थायी युद्धविराम की मांग

संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने 7 अक्टूबर 2023 के हमास हमले की तीसरी बरसी से पहले गाजा में स्थायी युद्धविराम की अपील की है। उन्होंने कहा कि उस हमले की भयावहता दोबारा नहीं दोहराई जानी चाहिए और इसके बाद शुरू हुआ युद्ध अब समाप्त होना चाहिए।
गुटेरेस ने अपने संदेश में कहा कि 7 अक्टूबर के हमले के बाद गाजा में शुरू हुई लड़ाई ने फिलिस्तीनियों को भारी पीड़ा और तबाही दी है। बड़ी संख्या में लोगों की जान गई, लाखों लोग विस्थापित हुए और बुनियादी ढांचे को व्यापक नुकसान पहुंचा है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की तकलीफ अब खत्म होनी चाहिए।
7 अक्टूबर 2023 को हमास ने गाजा से इजरायल पर हमला किया था, जिसमें करीब 1,200 लोगों की मौत हुई थी और 251 लोगों को बंधक बनाया गया था। इसके बाद इजरायल ने गाजा में हमास के खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया। गाजा के स्वास्थ्य अधिकारियों के मुताबिक, संघर्ष में 74,000 से अधिक फिलिस्तीनियों की मौत हो चुकी है।
UN महासचिव ने कहा कि पिछले साल हुए युद्धविराम से कुछ राहत जरूर मिली, लेकिन लोगों को अभी भी पूरी सुरक्षा, पर्याप्त मानवीय सहायता और स्थायी शांति की दिशा में भरोसेमंद रास्ता नहीं मिला है। उन्होंने सभी पक्षों से युद्धविराम की प्रतिबद्धताओं को पूरी तरह लागू करने और इसके अगले चरण की ओर बढ़ने की अपील की।
गुटेरेस ने बड़े पैमाने पर मानवीय सहायता पहुंचाने और अंतरराष्ट्रीय कानून का सम्मान करने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में लंबे समय तक कायम रहने वाली शांति के लिए राजनीतिक रास्ता तैयार करना जरूरी है, ताकि इजरायली और फिलिस्तीनी शांति और सुरक्षा के साथ रह सकें।



