भारतव्यापार जगत

IPO से पहले फ्लिपकार्ट का बड़ा तोहफा, 7500 से ज्यादा कर्मचारियों को होगा फायदा

वॉलमार्ट के स्वामित्व वाली ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट ने आईपीओ से पहले एक बड़ा ऐलान किया है। कंपनी ने बायबैक योजना के तहत 5 करोड़ डॉलर के कर्मचारी शेयर खरीदने की योजना बनाई है। इससे 7500 से ज्यादा ई-कॉमर्स कर्मचारियों को फायदा होने की उम्मीद है।

क्या है पूरा प्लान

बिजनेस स्टैंडर्ड की खबर के मुताबिक सीईओ कल्याण कृष्णमूर्ति द्वारा कर्मचारियों को भेजे गए एक इंटरनल ईमेल के अनुसार, 6 जुलाई, 2022 से 5 जुलाई, 2025 के बीच कंपनी में कार्यरत कर्मचारियों के पास अपने वेस्टेड कर्मचारी स्टॉक स्वामित्व योजना (ESOP) का 5% तक बेचने का विकल्प होगा। कल्याण ने आगे कहा कि अगर साल के अंत तक प्रमुख लक्ष्य पूरे हो जाते हैं, तो 2026 की शुरुआत में 5% ESOP लिक्विडिटी का एक और मौका मिल सकता है। आपको बता दें कि कंपनी का मौजूदा मूल्यांकन लगभग 36 अरब डॉलर आंका गया है। इसके कुल कर्मचारियों की संख्या लगभग 22,000 हैं।

फ्लिपकार्ट में वॉलमार्ट की हिस्सेदारी

2018 में वॉलमार्ट ने भारतीय ई-कॉमर्स कंपनी फ्लिपकार्ट में 16 बिलियन डॉलर में 77% की नियंत्रित हिस्सेदारी हासिल की थी। अब कंपनी आईपीओ लाने की योजना बना रही है। ऐसा अनुमान है कि कंपनी का आईपीओ अगले साल की पहली छमाही में लॉन्च हो जाएगा।

मीशो का आ रहा है आईपीओ

हाल ही में फ्लिपकार्ट की प्रतिद्वंदी मीशो ने गोपनीय मार्ग से अपना आईपीओ लाने के लिए बाजार नियामक सेबी के पास दस्तावेजों का मसौदा जमा किया है। मीशो के शेयरधारकों की 25 जून को हुई असाधारण आम बैठक में आईपीओ लाने का प्रस्ताव पारित किया गया था। कंपनी ने आईपीओ के जरिये कम-से-कम 4,250 करोड़ रुपये जुटाने की अपनी योजना साझा की थी।

सॉफ्टबैंक-समर्थित कंपनी ने आईपीओ लाने के लिए गोपनीय मार्ग का विकल्प चुना है। इस माध्यम से दाखिल किए गए आवेदनों के इश्यू संबंधी विवरण शुरुआती दौर में सार्वजनिक नहीं होते हैं। बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि गोपनीय मार्ग से आवेदन कंपनियों को अधिक लचीलापन प्रदान करता है और जल्दी से सार्वजनिक होने के दबाव को कम करता है।

Show More

Related Articles

Back to top button