रायपुर में ड्रग्स के साथ पकड़ा गया आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार, तीन घंटे में दोबारा गिरफ्तार

रायपुर। राजधानी रायपुर में मादक पदार्थ के मामले में पकड़ा गया एक आरोपी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। हालांकि, पुलिस टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर तलाश शुरू की और करीब तीन घंटे के भीतर आरोपी को दोबारा गिरफ्तार कर लिया। मामला मौदहापारा थाना क्षेत्र का है।
रजबंधा मैदान के पास हुई थी कार्रवाई
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 10 नवंबर की शाम सूचना मिली थी कि एक संदिग्ध व्यक्ति अपने पास प्रतिबंधित मादक पदार्थ रखकर उसे बेचने के लिए ग्राहक तलाश रहा है। सूचना के आधार पर एंटी नारकोटिक्स सेल और मौदहापारा थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने रजबंधा मैदान के पास दबिश दी।
इस दौरान पुलिस ने मुशर्रफ खान (24) को पकड़ा। मौके पर पूछताछ और आगे की कार्रवाई के दौरान आरोपी पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। बताया जा रहा है कि उसने अंधेरे और इलाके की तंग गलियों का फायदा उठाकर फरार होने में सफलता हासिल की।
घेराबंदी कर तीन घंटे में पकड़ा
आरोपी के फरार होने के बाद एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स और मौदहापारा थाना पुलिस की टीम ने तत्काल इलाके में घेराबंदी कर उसकी तलाश शुरू की। पुलिस ने लगातार खोजबीन करते हुए फरार होने के करीब तीन घंटे के भीतर मुशर्रफ खान को दोबारा पकड़ लिया।
फिलहाल आरोपी से पूछताछ और तलाशी की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।



