तो पाकिस्तान और जल्दी हारता; शोएब अख्तर ने संजू सैमसन को बताया टीम इंडिया की कमजोर कड़ी

नई दिल्ली. पाकिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शोएब अख्तर ने विकेटकीपर बल्लेबाज संजू सैमसन को भारतीय क्रिकेट टीम की कमजोर कड़ी करार दिया है। उन्होंने यह बयान तब दिया है जब एशिया कप 2025 में भारत ने अब तक पाकिस्तान को दो-दो बार धूल चटाई है। और दोनों ही बार संजू सैमसन टीम में थे।
शोएब अख्तर ने पाकिस्तानी ‘गेम ऑन है’ टीवी शो पर ये बातें कही। सुपर 4 मुकाबले में भारत के हाथों पाकिस्तान की करारी हार पर अख्तर ने कहा, ‘इमैजिन इस टीम में केएल राहुल नहीं है। संजू सैमसन की जगह केएल राहुल बनता है। वो तो नहीं है। पटाके देता है, चिपका के…सही किस्म के। तो ये वीक लिंक था आपका संजू सैमसन। मैच एक ओवर पहले गया। अदरवाइज तो मैच इतना लेट जाना ही नहीं था। केएल रहता तो शायद यह मैच 5 ओवर पहले खत्म कर देता।’
एशिया कप के सुपर 4 मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को 6 विकेट से हराया था। पाकिस्तानी टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 171 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने 19वें ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। प्लेयर ऑफ द मैच अभिषेक शर्मा ने 39 गेंद में 74 और शुभमन गिल ने 28 गेंद में 47 रन की पारियां खेली। तिलक वर्मा 19 गेंदों में 30 रन बनाकर नाबाद रहे थे। संजू सैमसन 17 गेंदों में सिर्फ 13 रन का ही योगदान दे पाए थे। इससे पहले ग्रुप स्टेज में भी भारतीय टीम ने पाकिस्तानी टीम को एकतरफा मुकाबले में 7 विकेट से शिकस्त दी थी।
भारत से हार के बाद पाकिस्तान ने मंगलवार को अपने दूसरे सुपर 4 मुकाबले में श्रीलंका को हराकर फाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखा है। बुधवार को भारत अपने दूसरे सुपर 4 मुकाबले में बांग्लादेश का सामना करने वाला है। दोनों ही टीमें अपने-अपने पहले सुपर 4 मुकाबले में जीत हासिल की है। भारत ने पाकिस्तान को तो बांग्लादेश ने श्रीलंका को शिकस्त दी थी।



