हमर छत्तीसगढ़

हर बूथ पर 10 किसान मितान जोड़ने का लक्ष्य : गुर्जर

हर मतदान केंद्र पर 10 कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य, किसानों की समस्याओं को सरकार तक पहुंचाएंगे किसान मितान

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और किसानों से सीधा संवाद स्थापित करने की दिशा में किसान मितान योजना का विस्तार कर रहा है। भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर ने पत्रकार वार्ता में कहा कि किसान मितान योजना संगठन विस्तार का एक अभिनव प्रयोग है। इसके माध्यम से प्रत्येक मतदान केंद्र पर 10-10 कार्यकर्ताओं को जोड़ने का लक्ष्य रखा गया है। ये कार्यकर्ता गांव और खेतों तक पहुंचकर किसानों की समस्याओं, जरूरतों और सुझावों को समझेंगे तथा उन्हें सरकार तक पहुंचाने का माध्यम बनेंगे।

गुर्जर ने कहा कि छत्तीसगढ़ में लगभग 82 प्रतिशत किसान छोटे किसान हैं। प्रदेश की भाजपा सरकार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में किसानों से किए गए वादों को पूरा करने की दिशा में काम कर रही है। किसानों से 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से धान खरीदी की जा रही है। प्रदेश में 3100 से अधिक धान खरीदी केंद्र स्थापित किए गए हैं। किसानों के लिए यूनिक आईडी, डिजिटल सर्वे और बोए गए रकबे के आधार पर धान खरीदी की पारदर्शी व्यवस्था लागू की गई है।

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार ने तीन वर्षों में किसानों को आदान सहायता के रूप में लगभग 35 हजार करोड़ रुपये प्रदान किए हैं। वहीं, धान के स्थान पर दलहन एवं अन्य वैकल्पिक फसलों की खेती करने वाले किसानों को 15 हजार रुपये प्रति एकड़ अनुदान दिया जा रहा है। उन्होंने इसके लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय का आभार व्यक्त किया।

केंद्र और राज्य सरकार किसानों के साथ

केंद्र सरकार की किसान हितैषी योजनाओं का उल्लेख करते हुए गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों की आय बढ़ाने और कृषि क्षेत्र को मजबूत करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। कृषि क्षेत्र की जीडीपी में हिस्सेदारी बढ़ाने के साथ किसानों को प्राकृतिक आपदाओं और फसल नुकसान से सुरक्षा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना तथा बेहतर जोखिम प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाया गया है। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा के लिए केंद्र और राज्य सरकार लगातार काम कर रही हैं।

बूथ स्तर तक संगठन विस्तार की तैयारी : आलोक सिंह ठाकुर

भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष आलोक सिंह ठाकुर ने कहा कि संगठन का उद्देश्य सरकारी योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यों का लाभ गांव, खलिहान और प्रत्येक किसान तक पहुंचाना है। इसी उद्देश्य से किसान मितान तैयार किए जा रहे हैं। ये मितान किसानों की समस्याओं को संगठन के माध्यम से संबंधित मंच तक पहुंचाकर उनके समाधान में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

ठाकुर ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमन सिंह के कार्यकाल में कृषि ऋण की ब्याज दर को 16 प्रतिशत से घटाकर शून्य प्रतिशत किया गया था। इसी तरह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार किसानों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और उन्हें योजनाओं का सीधा लाभ देने के लिए प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की सरकार भी किसानों को प्राथमिकता देते हुए उनके हित में लगातार निर्णय ले रही है।

उन्होंने बताया कि किसान मोर्चा मंडल स्तर पर संगठनात्मक विस्तार के बाद अब प्रत्येक पोलिंग बूथ तक अपनी पहुंच मजबूत करने में जुटा है। किसान मितान व्यवस्था के जरिए किसानों और सरकार के बीच संवाद का मजबूत माध्यम तैयार किया जाएगा।

पत्रकार वार्ता में किसान मोर्चा के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. शंभू, छत्तीसगढ़ प्रभारी एवं राष्ट्रीय मंत्री बजरंगी प्रसाद यादव, पूर्व विधायक एवं किसान मोर्चा ओडिशा प्रभारी पिंकी शिवराज शाह तथा छत्तीसगढ़ किसान मोर्चा के प्रभारी पूनम चंद्राकर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Show More

Related Articles

Back to top button