रक्षाबंधन पर शेयर बाजार में तेजी, लेकिन सोना-चांदी के दाम में गिरावट; जानें आज के भाव

नई दिल्ली। भारत में त्योहारों का सीधा असर बाजार की गतिविधियों पर भी देखने को मिलता है। आमतौर पर त्योहारों के सीजन में खरीदारी बढ़ने के साथ सोने-चांदी की मांग में तेजी आती है, लेकिन इस बार रक्षाबंधन के मौके पर तस्वीर कुछ अलग नजर आई। शुक्रवार को जहां शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली, वहीं सोने और चांदी की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने की कीमत में करीब 1,000 रुपये तक की गिरावट आई। सोना करीब 1,58,300 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार करता दिखा। वहीं चांदी की कीमत में लगभग 1,600 रुपये की गिरावट दर्ज की गई और यह करीब 2,39,574 रुपये प्रति किलोग्राम पर ट्रेड कर रही थी।
घरेलू बाजार में भी सोना-चांदी सस्ता
घरेलू सर्राफा बाजार में भी कीमती धातुओं की कीमतों में गिरावट देखने को मिली। गुड रिटर्न्स के अनुसार, 24 कैरेट सोने का भाव 3,160 रुपये घटकर 1,59,820 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। वहीं 22 कैरेट सोना 2,900 रुपये की गिरावट के साथ 1,46,500 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया।
इसी तरह 18 कैरेट सोने की कीमत में भी 2,370 रुपये की कमी दर्ज की गई और यह करीब 1,19,870 रुपये प्रति 10 ग्राम रह गया। चांदी के भाव में घरेलू बाजार में करीब 5,000 रुपये की गिरावट आई, जिसके बाद इसकी कीमत लगभग 2,55,000 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दबाव
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोने और चांदी की कीमतों पर दबाव देखने को मिला। कॉमेक्स पर सोने की कीमत करीब 0.53 फीसदी गिरकर 4,639.10 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई। वहीं चांदी में करीब 0.64 फीसदी की गिरावट दर्ज की गई और यह 68.990 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी।
त्योहारी सीजन में आमतौर पर कीमती धातुओं की मांग बढ़ने की उम्मीद रहती है, लेकिन इस समय घरेलू और अंतरराष्ट्रीय दोनों बाजारों में कीमतों पर दबाव दिखाई दे रहा है। ऐसे में निवेशकों और सोना-चांदी खरीदने वालों की नजर आने वाले दिनों में कीमतों के अगले रुख पर बनी रहेगी।


