खेल जगत

टी20 विश्व कप से पहले स्मृति मंधाना का खराब फॉर्म जारी, इंग्लैंड के खिलाफ अबतक का सबसे कमजोर प्रदर्शन

भारतीय महिला टीम की सुपर स्टार और उपकप्तान स्मृति मंधाना का टी20 वर्ल्ड कप से पहले खराब फॉर्म जारी है। इंग्लैंड के खिलाफ टी20 सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में भी वह फ्लॉप रही हैं। पहले मैच में तो वह 32 रन बनाई थीं लेकिन दूसरे मैच में खाता तक नहीं खोल पाई थी। अब मंगलवार को तीसरे मैच में भी वह 9 गेंदों में सिर्फ 8 रन ही बना पाईं। इस तरह स्मृति मंधाना इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की सीरीज में सिर्फ 40 रन ही बना पाई। ये इंग्लैंड के खिलाफ किसी टी20 सीरीज में मंधाना का अब तक का सबसे कम स्कोर है। पहली बार वह तीन मैच की सीरीज के सभी मैच खेलने के बाद भी 50 रन तक नहीं बना पाई हैं।

इससे पहले स्मृति मंधाना का इंग्लैंड के खिलाफ 3 टी20 मैचों की सीरीज में सबसे कम स्कोर 64 रन का था। 2023 में वह तीन मैच की सीरीज में क्रमशः 6, 10 और 48 रन बनाई थीं। 2019 में भी वह इंग्लैंड के खिलाफ 3 मैच की टी20 सीरीज में 100 से कम रन बना पाई थीं। तब वह तीनों मैचों को मिलाकर सिर्फ 72 रन ही बटोर पाई थीं।

महिला टी20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले स्मृति मंधाना का लय में न दिखना टीम इंडिया के लिए भारी पड़ सकता है। वर्ल्ड कप इंग्लैंड में ही होना है।

टी20 वर्ल्ड कप से पहले इंग्लैंड के साथ हुई टी20 सीरीज में भारतीय महिला टीम को 2-1 से शिकस्त झेलनी पड़ी। टांटन में मंगलवार को खेले गए तीसरे और निर्णायक मुकाबले को इंग्लैंड ने 6 विकेट से जीतकर सीरीज अपने नाम कर ली।

मैच की बात करें तो भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए थे। ओपनर स्मृति मंधाना लगातार दूसरे मैच में फ्लॉप रहीं और 9 गेंदों में 8 रन बनाकर आउट हुईं। हालांकि कप्तान हरमनप्रीत कौर ने नाबाद 56 रन बनाकर भारत के स्कोर को 180 रन तक पहुंचाया। उनके अलावा यास्तिका भाटिया लय में नजर आ रही थीं लेकिन वह 32 रन बनाकर रनआउट हुईं। दीप्ति शर्मा ने भी 32 रन बनाए। जेमिमा रोड्रिग्स ने 29 रन का योगदान दिया।

जीत के लिए 181 रन के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य को इंग्लैंड की महिला टीम ने 9 गेंदों बाकी रहते ही सिर्फ 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। एलिस कैप्सी ने सबसे ज्यादा 82 रन बनाए और हीदर नाइट ने 42 गेंदों में 70 रनों की नाबाद पारी खेली। एलिस कैप्सी को प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द सीरीज का अवॉर्ड मिला।

Show More

Related Articles

Back to top button