भारतसियासी गलियारा

बीजेपी ने बिहार बंद की कमान महिला मोर्चा को सौंपी

कांग्रेस के एक कार्यक्रम में हुई ‘गालीकांड’ की इस घटना के विरोध में एनडीए ने गुरुवार सुबह 7 बजे से दोपहर 12 बजे तक बिहार बंद का आह्वान किया है। इस बंद की कमान भाजपा महिला मोर्चा को सौंपी गई जिसके तहत प्रदेशभर में महिलाओं ने सड़कों पर उतरकर जोरदार प्रदर्शन किया।

बंद का असर राजधानी से लेकर कई जिलों तक दिख रहा है। कई जगहों पर टायर जलाकर सड़कें जाम की गईं, बाजार बंद कराए गए और सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। एनडीए नेताओं का आरोप है कि कांग्रेस के एक कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मोदी की मां को गाली दी गई, जो अत्यंत आपत्तिजनक और अपमानजनक है। इसी के विरोध में यह बंद बुलाया गया। भाजपा ने यह भी स्पष्ट किया कि यह विरोध शांतिपूर्ण रहेगा और जरूरी सेवाओं को इससे अलग रखा गया है।

राजधानी पटना में महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने कई जगहों पर सड़कें जाम कीं। डाकबंगला चौराहा, कदमकुआं, बोरिंग रोड और अशोक राजपथ जैसे इलाकों में प्रदर्शन हुए। टायर जलाए गए और दुकानों को बंद कराया गया। विश्वविद्यालयों और शिक्षण संस्थानों के पास भी छात्र संगठनों ने समर्थन में नारेबाजी की। पुलिस बलों की भारी तैनाती देखी गई।

गया में भाजपा और सहयोगी दलों के कार्यकर्ताओं ने चक्का जाम कर दिया। शहर के जीटी रोड, स्टेशन रोड और अन्य प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बनी रही। दुकानें बंद रहीं और सार्वजनिक परिवहन भी प्रभावित हुआ। इसके साथ ही मुजफ्फरपुर, भागलपुर, आरा, दरभंगा और सासाराम जैसे शहरों में भी बिहार बंद का असर देखा गया। बाजार बंद रहे, ऑटो और रिक्शा सेवाएं ठप रहीं। कई जगहों पर लोग विरोध में सड़क पर बैठ गए, जिससे ट्रैफिक बाधित हुआ।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष दिलीप जायसवाल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह बंद मां के सम्मान के लिए है और जो कोई भी महिलाओं का अपमान करेगा, उसे जवाब दिया जाएगा। एनडीए के अन्य घटक दलों ने भी इस बंद का समर्थन किया।

Show More

Related Articles

Back to top button