सौरभ दास और आशुतोष रांका को SEM कोर्ट से जमानत मिली, दोनों को राजौरी गार्डन कार्यालय में दोपहर 12 बजे बुलाया गया

CJP Leaders Crime Branch Summons: कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता सौरभ दास और आशुतोष रांका के सितारे इन दिनों गर्दिश में हैं। दोनों को कल बिना अनुमति जंतर-मंतर जाने के मामले में SEM कोर्ट से जमानत मिली थी। इसके बाद ही दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने दोनों को समन भेजकर अपने राजौरी गार्डन कार्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा है।
जानकारी के मुताबिक, क्राइम ब्रांच ने सीजेपी नेताओं को यह समन बुधवार रात करीब 8:30 बजे तिहाड़ जेल के गेट पर ही थमा दिया। इस समय दोनों नेता जमानत मिलने के बाद जेल से रिहा होकर अपने साथियों के साथ जाने वाले थे। दिल्ली पुलिस ने दोनों को आज दोपहर 12 बजे राजौरी गार्डन स्थित दफ्तर में पेश होने के लिए कहा है।
इससे पहले बुधवार को दोनों को स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट (SEM) की अदालत में पेश किया गया था। जहां सुनवाई के बाद स्पेशल एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट ने दोनों को बड़ी राहत देते हुए उन्हें जमानत दी थी। सुनवाई के दौरान कोर्ट ने दिल्ली पुलिस की कस्टडी बढ़ाने की मांग को खारिज करते हुए सौरभ दास और आशुतोष रांका को जमानत दे दी थी। इससे पहले SEM कोर्ट ने 13 अक्टूबर को हुई सुनवाई के बाद दोनों को शांति बॉन्ड तोड़ने और बिना अनुमति जंतर-मंतर जाने के मामले में दोषी करार देते हुए पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया था।
जानकारी के मुताबिक, दोनों नेता SEM कोर्ट से जमानत मिलने के बाद रात करीब 8:30 बजे पर तिहाड़ जेल के गेट से निकल रहे थे। इसी दौरान दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने उन्हें गुरुवार को पूछताछ के लिए पेश होने का नया नोटिस थमाया। इससे यह साफ हो गया कि दोनों की कानूनी मुश्किलें अभी खत्म नहीं हुई हैं।
बताया जा रहा है कि मामले की गंभीरता और राजनीतिक संवेदनशीलता को देखते हुए दिल्ली पुलिस के कमिश्नर अनुराग कुमार ने इसकी जांच की जिम्मेदारी क्राइम ब्रांच को सौंप दी है। जानकारी के मुताबिक, पुलिस को शक है कि इस प्रदर्शन के पीछे कोई बड़ी साजिश हो सकती है।
दिल्ली पुलिस ने सौरभ दास और आशुतोष रांका को पार्लियामेंट स्ट्रीट थाना पुलिस ने हिरासत में लिया था। दोनों पर बिना अनुमति के जंतर-मंतर जाने और वहां प्रदर्शन करने का आरोप था, जबकि दिल्ली पुलिस ने गृह मंत्रालय की एक कमेटी के सुझाव पर उसी दिन जंतर-मंतर को प्रदर्शन स्थल के तौर पर डिनोटिफाई कर दिया था और प्रदर्शन के लिए दिल्ली में तीन नए स्थानों रामलीला मैदान, बुराड़ी मैदान और पूर्वी दिल्ली का सीबीडी (CBD) मैदान की सूची जारी की थी।

दिल्ली एयरपोर्ट पर क्यों रोके गए पंजाब के CM भगवंत मान? अथॉरिटी ने काटा 50 हजार का चालान, AAP ने सरकार को घेरा
पुलिस ने दोनों नेताओं पर आरोप लगाया कि उन्होंने पहले से भरे गए शांति बॉन्ड की शर्तों का सरेआम उल्लंघन किया और सरकारी आदेशों की धज्जियां उड़ाईं। पुलिस ने इस मामले में पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में दो अलग-अलग FIR दर्ज की थीं।



