बस के अंदर फंदे से लटका मिला कंडक्टर का शव, जांच में जुटी पुलिस

Raipur News: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के भाठागांव स्थित अंतरराज्यीय बस स्टैंड में शनिवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक खड़ी बस के अंदर कंडक्टर का शव फंदे से लटका मिला। मृतक की पहचान 42 वर्षीय वसीम मोहम्मद के रूप में हुई है। वह मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के ग्राम बरवैली का निवासी था और बस कंडक्टर के तौर पर काम करता था।
खड़ी बस में मिला शव
जानकारी के मुताबिक, मामला टिकरापारा थाना क्षेत्र का है। शनिवार दोपहर बस स्टैंड में खड़ी रायपुर बस सर्विस की बस क्रमांक CG 07 CW 9712 के अंदर वसीम मोहम्मद का शव मिला। घटना की जानकारी मिलते ही बस स्टैंड में मौजूद लोगों और यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
सूचना मिलने पर टिकरापारा पुलिस मौके पर पहुंची। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मौत की वजह तलाश रही पुलिस
फिलहाल, वसीम मोहम्मद की मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है और वे रायपुर के लिए रवाना हो गए हैं।
पुलिस साथी कर्मचारियों और परिजनों से पूछताछ कर रही है। जांच के दौरान मृतक पर किसी तरह का दबाव होने या अन्य संभावित परिस्थितियों समेत सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।



