हमर छत्तीसगढ़

जगदलपुर में बस्तर दशहरा के दौरान हादसा, रथ से टकराकर गिरा बिजली का खंभा, कई लोग घायल

बस्तर। जगदलपुर में बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का मार्ग बदलने से बड़ा हादसा हो गया। रथ निर्धारित मार्ग से हटकर यामाहा शो-रूम के सामने पहुंच गया और बिजली के खंभे से टकरा गया। टक्कर के बाद बिजली का खंभा वहां मौजूद श्रद्धालुओं पर गिर पड़ा, जिससे आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए। पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

रथ के बिजली खंभे से टकराते ही मची अफरा-तफरी

जानकारी के अनुसार, बस्तर दशहरा की रथ परिक्रमा के दौरान अचानक रथ का रूट बदल गया। रथ के बिजली के खंभे से टकराते ही बिजली के तारों से चिंगारियां निकलने लगीं। इस दौरान खंभा गिरने से रथ परिक्रमा देख रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई और लोग जान बचाकर इधर-उधर भागने लगे।

गनीमत रही कि हादसे में कोई भी व्यक्ति करंट की चपेट में नहीं आया, अन्यथा बड़ा नुकसान हो सकता था। वहीं, रथ के अचानक रास्ता बदलने से एक स्कूटी सवार भी उसकी चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।

व्यवस्था संभालने में पुलिस को करनी पड़ी मशक्कत

रथ के सिरासार चौक से पावर हाउस चौक की ओर अचानक मुड़ जाने से मौके पर व्यवस्था बिगड़ गई। वहां मौजूद पुलिस अधिकारियों ने रथ खींच रहे लोगों को समझाने और स्थिति नियंत्रित करने की कोशिश की। हालांकि, काफी देर तक हालात सामान्य करने के लिए पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।

रथ का रूट बदलने पर उठे सवाल

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, रथ खींचने वाले लोगों में शामिल कुछ लोगों ने कथित तौर पर अचानक रथ का मार्ग बदल दिया और उसे तेजी से पावर हाउस चौक की ओर खींचने लगे। इसी दौरान यह हादसा हुआ।

घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताई है। हादसे से श्रद्धालुओं और पर्यटकों में भी दहशत का माहौल है। अब रथ परिक्रमा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और निर्धारित मार्ग का पालन सुनिश्चित करने को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

Show More

Related Articles

Back to top button