खेल जगत

पाकिस्तान की जीत से WTC पाइंट्स टेबल में तगड़ा बदलाव, सबसे नीचे पहुंची ये टीम, टीम इंडिया कौन से नंबर पर?

नई दिल्ली: पाकिस्तान क्रिकेट टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज के दूसरे मुकाबले में मेजबान वेस्टइंडीज को आठ विकेट से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ ही मेहमान टीम ने सीरीज को 1-1 से बराबर कर लिया और विदेशों में लगातार 8 टेस्ट मैच हारने के अपने अनचाहे सिलसिले को भी खत्म कर दिया। इस शानदार जीत के दम पर वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप 2025-27 की ताजा अंक तालिका में पाकिस्तान अब एक पायदान ऊपर चढ़कर आठवें स्थान पर पहुंच गया है।

पाकिस्तान ने हासिल की जीत

मैच के चौथे दिन पाकिस्तान को जीत के लिए महज 75 रनों का आसान लक्ष्य मिला था जिसे उसने लंच के तुरंत बाद दो विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। लक्ष्य का पीछा करते हुए कप्तान बाबर आजम ने अपनी नाबाद 24 रनों की पारी के दौरान जोमेल वारिकन पर लगातार दो छक्के जड़कर टीम को जीत दिला दी। उनके साथ पहली पारी के शतकवीर अब्दुल्ला शफीक भी 24 रन बनाकर नाबाद रहे। इस मुकाबले में शफीक ने पहली पारी में 160 रन की पारी खेली थी।

8वें नंबर पर पहुंचा पाकिस्तान

इस मुकाबले से मिले 12 महत्वपूर्ण अंकों के बाद पाकिस्तान का अंक प्रतिशत (PCT) सुधरकर 22.22 हो गया है और वह 9 टीमों की तालिका में वेस्टइंडीज को पछाड़कर 8वें नंबर पर आ गया है। दूसरी ओर, ऑस्ट्रेलियाई टीम 87.50 प्रतिशत पीसीटी के साथ तालिका में टॉप पर मजबूती से काबिज है। दक्षिण अफ्रीका 75.00 प्रतिशत के साथ दूसरे और न्यूजीलैंड 72.22 प्रतिशत के साथ तीसरे स्थान पर बना हुआ है। बांग्लादेश की टीम 58.33 पीसीटी के साथ चौथे स्थान पर मौजूद है।

टीम इंडिया टेबल में 5वें नंबर पर

शुभमन गिल की कप्तानी वाली भारतीय क्रिकेट टीम के लिए यह डब्लूटीसी चक्र अब तक मिला-जुला रहा है। भारतीय टीम 9 मैचों में 4 जीत, 4 हार और 1 ड्रॉ के साथ 48.15 पीसीटी लेकर पांचवें स्थान पर है। वहीं श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें क्रमश 41.67 और 24.36 प्रतिशत अंकों के साथ छठे और 7वें स्थान पर कायम हैं। वेस्टइंडीज की टीम पाकिस्तान के हाथों मिली हार के बाद अब तालिका में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई है।

Show More

Related Articles

Back to top button