शोहरत की ऊंचाइयों पर पहुंचकर भी पढ़ाई नहीं छोड़ी, ऐसी थीं शेफाली जरीवाला

मुंबई: एक्ट्रेस शेफाली जरीवाला का जन्म 15 दिसंबर 1982 को मुंबई में हुआ था। शेफाली एक ऐसे परिवार से थीं जहां डॉक्टर, इंजीनियर, आर्किटेक्ट और सीए जैसी प्रोफेशनल पहचानें थीं। खुद शेफाली भी कंप्यूटर साइंस में इंजीनियरिंग कर रही थीं और तकनीकी दुनिया में कुछ बड़ा करना चाहती थीं। लेकिन एक्ट्रेस की जिंदगी की कहानी को कुछ और ही तय कर चुकी थी।
कॉलेज के बाहर एक दिन दोस्तों संग चाट खाते वक्त उन्हें दो जानी-मानी हस्तियों, राधिका राव और विनय सप्रू ने देखा। अपने म्यूजिक वीडियो कांटा लगा के लिए ऑफर दिया। पहले इंकार किया गया, पर कुछ ही दिनों बाद वो सपनों के पीछे चलने को तैयार हो गईं। इसके लिए एक्ट्रेस ने अपनी मां को मनाया और फिर पिता से वादा किया कि एक वीडियो शूट करने के लिए पढ़ाई नहीं छोड़ेंगी।
कांटा लगा से बनी स्टार
सिर्फ 7,000 रुपए में शूट किए गए कांटा लगा ने देशभर में तहलका मचा दिया। उस दौर में जब इंटरनेट नहीं था, टेलीविजन ही ग्लैमर का जरिया था, एक ही रात में शेफाली स्टार बन गईं। विदेशों तक उनकी पहचान बनी। हालांकि इसके बावजूद उन्होंने अपना वादा निभाया, पढ़ाई जारी रखी, इंजीनियरिंग पूरी की। शेफाली के पास पैसे की कमी नहीं थी, इसलिए ग्लैमर की दौड़ में अंधाधुंध भागने की जरूरत भी नहीं थी। ऑफर्स की भरमार के बावजूद उन्होंने खुद को संभाले रखा।
मुझसे शादी करोगी में किया था काम
शेफाली जरीवाला ‘मुझसे शादी करोगी’ जैसी फिल्म और कुछ रियलिटी शोज किए, लेकिन वो हमेशा एक गरिमामयी दूरी बनाए रहीं। खुद उन्होंने कहा था कि उन्होंने कभी ऑडिशन नहीं दिया, हर काम उन्हें डायरेक्ट ऑफर होता था। 27 जून 2025 को महज 42 साल की उम्र में कार्डियक अरेस्ट ने शेफाली को हमसे छीन लिया। इस खबर ने सभी को उस दौर की याद दिला दी जब कांटा लगा हर किसी की जुबान पर था। वो दौर अब यादों में रहेगा, और शेफाली जरीवाला हमेशा एक यूथ आइकन और सादगी में छिपी स्टार के तौर पर याद की जाएंगी।



