मौदहापारा थाना ई-मालखाना प्रणाली से जुड़ा, जब्त सामान का रिकॉर्ड होगा डिजिटल

रायपुर। मौदहापारा थाना अब ई-मालखाना प्रणाली से जुड़ गया है। सोमवार को अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने इसका शुभारंभ किया। इससे पहले कमिश्नरेट में इस व्यवस्था की शुरुआत कोतवाली थाना से की गई थी।
शुभारंभ कार्यक्रम में पुलिस उपायुक्त (मध्य) तारकेश्वर पटेल, मौदहापारा थाना प्रभारी शक्ति सिंह सहित थाना के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।
ई-मालखाना प्रणाली के तहत अपराधों और अन्य मामलों में जब्त किए गए सामान का रिकॉर्ड अब डिजिटल रूप से सुरक्षित रखा जाएगा। इससे जब्त माल की जानकारी व्यवस्थित, पारदर्शी और आसानी से उपलब्ध रहेगी। किसी भी सामान की स्थिति, विवरण और संबंधित प्रकरण की जानकारी डिजिटल रिकॉर्ड के माध्यम से तुरंत प्राप्त की जा सकेगी।
अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित कांबले ने कहा कि इस नई व्यवस्था से न्यायालयीन प्रक्रिया में पारदर्शिता और कार्यकुशलता बढ़ेगी। डिजिटल रिकॉर्ड के कारण जब्त सामान के प्रबंधन, निगरानी और रखरखाव में भी सुधार आएगा।



