महासमुंद: खैर लकड़ी तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई, 1.70 करोड़ रुपये नकद जब्त

महासमुंद। छत्तीसगढ़ के महासमुंद जिले में खैर लकड़ी की तस्करी और फर्जी एनओसी-बिलिंग मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले से शिव ट्रेडर्स के संचालक सतपाल सिंह (67) को गिरफ्तार किया गया है। उनके ठिकाने से 1 करोड़ 70 लाख रुपये नकद जब्त किए गए हैं। अब तक विभिन्न राज्यों में कार्रवाई के दौरान 70 टन अवैध खैर लकड़ी बरामद की जा चुकी है।
फर्जी बिलिंग और ट्रांजिट पास का आरोप
पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने वास्तविक लकड़ी की आपूर्ति के बिना फर्जी बिल तैयार किए और वन विभाग के नकली ट्रांजिट पास का इस्तेमाल किया। इस नेटवर्क में कई फर्मों और व्यक्तियों की भूमिका की जांच की जा रही है। हरियाणा के गुरुग्राम स्थित एक गोदाम से भी करीब 15 टन खैर लकड़ी जब्त की गई है।
पहले भी हो चुकी हैं गिरफ्तारियां
फर्जी एनओसी के जरिए 23,350 किलोग्राम खैर लकड़ी के अवैध परिवहन की शिकायत पर 9 जुलाई 2026 को पिथौरा थाने में मामला दर्ज किया गया था। इससे पहले पारितोष मिश्रा और अखिलेश सिंघल को गिरफ्तार किया जा चुका है।
पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों, बैंक खातों में हुए करोड़ों रुपये के लेन-देन और अवैध कमाई से अर्जित संपत्तियों की जांच कर रही है। अपराध से अर्जित संपत्ति की कुर्की के लिए भी वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।



