IPL 2027: राजस्थान रॉयल्स के हाथ आते-आते रह गए हार्दिक पांड्या, मुंबई इंडियंस की इस शर्त ने बिगाड़ा खेल

IPL 2027 Trade: आईपीएल 2027 से पहले हार्दिक पांड्या को लेकर हुई ट्रेड डील ने क्रिकेट जगत में हलचल मचा दी है। मुंबई इंडियंस ने अपने कप्तान और स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या को पंजाब किंग्स के साथ ट्रेड कर दिया, जबकि बदले में टीम ने तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह को अपने साथ जोड़ा। लेकिन इस बड़े सौदे से पहले हार्दिक को राजस्थान रॉयल्स में शामिल करने की भी कोशिश हुई थी। एक रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस की खास शर्त के चलते यह डील आखिरी समय पर टूट गई।
राजस्थान रॉयल्स ने हार्दिक के लिए दिखाई थी दिलचस्पी
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, राजस्थान रॉयल्स हार्दिक पांड्या को अपनी टीम में शामिल करने के लिए तैयार थी। यहां तक कि टीम के डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट कुमार संगाकारा डील को अंतिम रूप देने के लिए बेंगलुरु पहुंचे थे। माना जा रहा था कि हार्दिक के आने से राजस्थान की टीम को एक अनुभवी ऑलराउंडर और मजबूत नेतृत्व मिल सकता है।
हालांकि, बातचीत के दौरान मुंबई इंडियंस ने ऐसी शर्त रख दी, जिसके बाद दोनों टीमों के बीच सहमति नहीं बन पाई।
जोफ्रा आर्चर को लेकर अटक गई थी ट्रेड डील
रिपोर्ट के मुताबिक, मुंबई इंडियंस हार्दिक पांड्या को राजस्थान रॉयल्स के साथ ट्रेड करने के लिए तैयार थी, लेकिन इसके लिए उसने जोफ्रा आर्चर को भी सौदे में शामिल करने की मांग की थी। बताया जा रहा है कि मुंबई की ओर से यशस्वी जायसवाल और जोफ्रा आर्चर को लेकर ट्रेड की शर्त रखी गई थी।
राजस्थान रॉयल्स इस शर्त पर सहमत नहीं हुई। नतीजतन, आखिरी समय में हार्दिक को लेकर होने वाली डील रद्द हो गई और दोनों टीमों के बीच बात आगे नहीं बढ़ सकी।
पंजाब किंग्स ने बढ़ाई हार्दिक पांड्या की सैलरी
राजस्थान के साथ बातचीत टूटने के बाद हार्दिक पांड्या पंजाब किंग्स के साथ जुड़ गए। इस ट्रेड के साथ उनकी सैलरी में भी बढ़ोतरी हुई है। मुंबई इंडियंस में उन्हें 16.35 करोड़ रुपये मिलते थे, जबकि पंजाब किंग्स आईपीएल 2027 के लिए उन्हें 18 करोड़ रुपये देगी।
इस तरह हार्दिक की सैलरी में 1.65 करोड़ रुपये का इजाफा हुआ है। दूसरी ओर, मुंबई इंडियंस को अर्शदीप सिंह के रूप में भारतीय टीम का अनुभवी तेज गेंदबाज मिला है।
अर्शदीप सिंह से मुंबई को मिलेगी गेंदबाजी में मजबूती
अर्शदीप सिंह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में भारत के प्रमुख विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल हैं। मुंबई इंडियंस को उम्मीद होगी कि वह जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर टीम के तेज गेंदबाजी आक्रमण को और मजबूत करेंगे।
इस ट्रेड के बाद आईपीएल 2027 में हार्दिक पंजाब किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे, जबकि अर्शदीप मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे। अब देखना होगा कि दोनों खिलाड़ियों का नई टीमों के साथ प्रदर्शन कैसा रहता है।



